नवरात्र के महत्व को समझने की जरूरत : सुधांशु जी महाराज

फरीदाबाद : विश्व जागृति मिशन के संस्थापक सुधांशु जी महाराज ने वर्चुअल सत्संग के दौरान कहा है कि हमें नवरात्रि के महत्व को समझने की जरूरत है। नवरात्र के दौरान हम देवी मां की पूजा अर्चना करते हैं और सुख समृद्धि की कामना करते हैं। विश्व जागृति मिशन फरीदाबाद मंडल की ओर से आयोजित वर्चुअल सत्संग समारोह में सुधांशु जी महाराज ने समझाया कि हम सांसारिक जीवन में रहकर संसार के काम करें, मगर धर्म संस्कृति से जुड़े रहें। उन्होंने मौन रहने के महत्व पर भी चर्चा की।
सत्संग के दौरान सुधांशु जी महाराज ने कहा कि ज्यादा या कड़वा बोलने से अच्छा है कि हम खामोश रहे, यदि किसी को आपने कुछ दे दिया हो तो उसे सदा गुप्त ही रहने दिया जाए, यदि किसी का प्रिय कार्य कर दिया हो तो उसके संबंध में मौन रहो और यदि किसी ने आपका उपकार किया है तो उसे सबके सामने प्रकट करते रहो। यानी दूसरा अगर आपके साथ कोई भलाई करता है तो उसकी चर्चा जरूर करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति का नियम है कि हर कोई गतिमान है जीवन गति का नाम है। कर्म करो पर सुव्यवस्थित होकर शरीर की यात्रा तभी ठीक रहती है जब हम कर्म से जुड़े रहते हैं। यदि कर्म से विमुख हो गए तो जीवन यात्रा ठीक से चलने वाली नहीं है। तनाव से अगर बचना है तो शांत और संतुलित रहकर ही संभव है।

विचारों के महत्व पर चर्चा करते हुए सुधांशु जी महाराज ने कहा कि मनुष्य की सबसे बड़ी शक्ति सुविचार है। सकारात्मक सोच के साथ अगर हम जीवन जीते हैं तो निश्चित ही हर क्षेत्र में सफलता के द्वार खुलते जाते हैं और व्यक्ति पाप कर्मों से बचा रहता है। जो व्यक्ति सद मार्ग पर चलता है वह कभी अकेला नहीं होता है उसके साथ प्रभु की दया और सद्गुरु की कृपा हमेशा बनी रहती है। अगर हम अपने जीवन को अनुशासन और नियम के अनुसार ढाल लेते हैं तो जिंदगी फूल की तरह खिल जाती है। यह भी जानने वाली बात है कि अग्नि की लपट हमेशा ऊपर उठती है और सूरज की तरफ जाती है, यह प्रेरित करती है कि जिंदगी को हमेशा ऊंचाई की तरफ ले जाओ, नीचे मत गिरने दो, हमेशा इसे ऊपर उठाओ। सुधांशु जी महाराज ने कहा कि जो विधि सिखाते हैं जीवन जीने की कला देते हैं, हमें अंधेरों से प्रकाश की ओर ले जाते हैं, वही सतगुरु है।

फरीदाबाद मंडल के प्रधान राज कुमार अरोड़ा, सचिव डॉ. आर. बी. बारी, विजयलक्ष्मी बारी ने सुधांशु जी महाराज का अभिनंदन किया। राजकुमार अरोड़ा ने कहा कि सुधांशु जी महाराज के मार्गदर्शन में विश्व जागृति मिशन आगे बढ़ रहा है।



