ब्रिगेड और जेआरसी ने पौधे लगा कर वन महोत्सव मनाया

फरीदाबाद ! राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस ने ब्रिगेड अधिकारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के निर्देशानुसार वन महोत्सव के अन्तर्गत पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि इस बार वन महोत्सव के दौरान विद्यालय में 150 पौधे लगाए जा रहे हैं आज जामुन और पापड़ी के पौधे लगाए गए, आने वाले दिनों में वन विभाग तथा सामाजिक संगठनों से और पौधे प्राप्त कर पौधरोपण किया जाएगा। इसी प्रक्रिया में रोटरी क्लब तथा रोड सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन के सौजन्य से बगीचा भी विकसित किया जा रहा है।

ब्रिगेड अधिकारी और जूनियर रेडक्रॉस काउन्सलर रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि पेड़ लगाना ग्लोबल वार्मिंग को रोकने और प्रदूषण को कम करने के लिए सबसे अच्छा उपाय है। भारत में वन महोत्सव को जीवन के एक उत्सव के रूप में मनाया जाता है। यह धरती मां को बचाने के लिए एक अभियान के रूप में शुरू किया गया है। जंगल से प्राप्त लकड़ी हमारे शैशव के झूले से लेकर महाप्रयाग तक की यात्रा की साथी है। अन्य वनोपज भी हमारे दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हम स्वयं को वनों से अलग नहीं कर सकते। मानव सभ्यता का प्रारंभ जंगलों, गुफाओं, पहाड़ियों, झरनों से ही हुआ है। विकास की इस दौड़ में हम आज कंक्रीट के जंगल तक आ पहुंचे हैं। वर्तमान स्थिति यहां तक आ पहुंची है कि हमने अपने विकास और स्वार्थ के लिए वनों को काट-काटकर स्वयं अपने लिए ही विषम स्थिति पैदा कर ली है। अंधाधुंध होने वाली कटाई से जो दुष्परिणाम हमारे सामने आ रहे हैं, वे भी कम चौंकाने वाले नहीं हैं। इसकी कल्पनामात्र से ही सिहरन हो उठती है। घटता-बढ़ता तापमान, आंधी, तूफान, बाढ़, सूखा, भूमिक्षरण, जैसी विभिषिकाओं से जूझता मानव कदाचित अब वनों के महत्व को समझने लगा है। तभी वनों के संरक्षण की दिशा में सोच बढ़ी है।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने आज वन महोत्सव पर विद्यालय की प्राध्यापिका ललिता, पूनम, आशा, अध्यापकों प्रेमदेव यादव, संजय मिश्रा, रेणु, अमृत कौर, मंजू , शिवम् वधवा, रामकृपाल तथा तिलकराज सहित अन्य सभी अध्यापकों के साथ मिलकर पौधरोपण किया।



