भाजपा महिला मोर्चा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई : सुमित्रा चौहान

हरियाणा : जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान बतौर मुख्य अतिथि पंचकूला पहुँची। वहां पंचकूला महिला मोर्चा की बहनों के साथ डॉ. मुखर्जी को माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद श्री मुखर्जी के जीवन पर आयोजित गोष्ठी में बताया कि कोई भी राष्ट्र तभी वैभवशाली हो सकता है जब वह एकता के सूत्र में बंधा हो। देश की एकता व अखंडता हेतु मुखर्जी ने समस्त जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और लोगों की सेवा के लिए इच्छाशक्ति हमें हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे, राष्ट्र की एकता के लिए उनके द्वारा किए गए योगदान को नहीं भुलाया जाएगा। यही वजह है कि एक राष्ट्र, एक विधान, एक प्रधान के संकल्प को पूरा करने में श्याम प्रसाद मुखर्जी ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

डॉ. मुखर्जी अनुच्छेद 370 के मुखर विरोधी थे और चाहते थे कि कश्मीर पूरी तरह से भारत का हिस्सा बने तथा वहां भी अन्य राज्यों की तरह समान कानून व संविधान लागू हो। अनुच्छेद 370 के विरोध में उन्होंने आज़ाद भारत में आवाज उठाई थी। उनका कहना था कि ‘एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे।’ उनकी विचारधारा से प्रेरणा लेकर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश को मजबूत बनाने पर अग्रसर है।

गोष्ठी के अंत में सुमित्रा चौहान ने गोष्ठी में सम्मिलित बहनों से आह्वान किया कि सभी डॉ. मुखर्जी द्वारा देश कल्याण हेतु उठाए कदमों को सार्थक करने के लिए उनके जन्मदिवस के शुभ अवसर पर बूथ स्तर तक ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित करने में पूर्ण सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!