आश्रम कंत दर्शन दरबार में मासिक रूहानी सत्संक का आयोजन

फरीदाबाद, 14 नवम्बर। पूर्णिमा के पावन अवसर पर आश्रम कंत दर्शन दरबार सेक्टर 46 में मासिक रूहानी सत्यंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरु महाराज घसीटा राम कंत ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोग सांसारिक दुनिया के लोभ में फंसे हैं। भौतिकतावाद के पीछे लोग भाग रहे हैं। मृग तृष्णा में लोग जी रहे हैं। कहा कि बड़ा भाग मानव तन पाया, तो मानव को हमेशा धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। कहा कि संसार में जो आया है, वह एक दिन मृत्यु को प्राप्त होगा। इसलिए सच्चे मार्ग पर चलें। अपने जीवन को सार्थक करें।
गुरु महाराज ने आगे कहा कि हमें प्रभु के नाम का सिमरन करना चाहिए। प्रभु के नाम के सिमरन से हमारे शरीर के अंदर के विकार स्वत: ही बाहर निकल जाएंगे। उन्होंने कहा कि धन-दौलत से बहुत कुछ पाया जा सकता है मगर इससे जीवन नहीं पाया जा सकता। सत्ता और वैभव जीवन से अधिक महत्व नहीं रखते क्योंकि जीवन एक बार खत्म हो गया तो फिर चाहे धन-दौलत का कितना ही जोर लगा लो जीवन दोबारा नहीं मिलता। इस मौके पर भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे।