कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच रेलवे 1 जून से 200 ट्रेनों की शुरुआत करेगा

नई दिल्ली. कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच रेलवे 1 जून से 200 ट्रेनों की शुरुआत करेगा। गुरुवार को 10 बजे से इनके लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई। महज 2.30 घंटे में 4 लाख से ज्यादा लोगों ने टिकट बुक करा लिया। अब रेलवे ने कल यानी शुक्रवार 22 मई से ऑफलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा देने का ऐलान किया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह सुविधा देश के 1.7 लाख कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी) पर होगी। इन सेंटर्स पर जाकर लोग ऑफलाइन टिकट बुक करा सकेंगे। उन्होंने आने वाले दिनों में कई और ट्रेनें चलाने और रेलवे स्टेशन पर दुकानों को भी खोलने की मंजूरी देने की बात कही। 

पहले ही दिन एक हफ्ते की सारी ट्रेनें फुल

एक जून से चलने वाली ट्रेनों की बुकिंग शुरू होते ही फुल भी हो गई। रेलवे ने बताया कि पहले सेट की 73 स्पेशल ट्रेनों के लिए दो घंटे में 1 लाख 49 हजार 025 टिकट बुक हुए। अगले 2.30 घंटे में ही यह आंकड़ा 4 लाख से ज्यादा पहुंच गया। सारी ट्रेनें एक हफ्ते के लिए फुल हो गईं। सभी में 100 से ज्यादा वेटिंग के टिकट भी बन गए।

लोगों को दिक्कत हुई तो आईआरसीटीसी को सफाई देनी पड़ी 

लोगों ने रेलवे और आईआरसीटीसी को टैग कर बताया कि 10 बजे साइट ही नहीं खुली। साइट पर एरर का मैसेज आ रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि पैसे कट गए, लेकिन टिकट नहीं मिल पाई। लोगों ने कहा कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट चली ही नहीं। इस पर आईआरसीटीसी को सफाई देनी पड़ी। ट्वीट कर बताया कि वेबसाइट काम कर रही है। टिकट बुक हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!