कराटे ब्लैक बैल्ट प्रतियोगिता में हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर उमेश भाटी ने दिया आशीर्वाद

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित किंग सेन फाइट क्लब में कराटे ब्लैक बेल्ट एग्जामिनेशन का आयोजन हुआ जिसमें शहर के सात खिलाडिय़ों ने कराटे में ब्लैक बेल्ट की डिग्री हासिल की और फरीदाबाद शहर का नाम रोशन किया। किंग सेन फाइट क्लब के संस्थापक एवं संचालक आशीष कुमार सेन ने बताया कि इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि ठाकुर उमेश भाटी (वरिष्ठ भाजपा नेता हरियाणा) और हरियाणा के कराटे संघ के अध्यक्ष हंसी रजनीश चौधरी मुख्य एग्जामिनर भी मौजूद रहे। भाटी जी और चौधरी साहब ने सभी खिलाडिय़ों को बेल्ट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दी। उन्होंने यह बताया कि शहर के सात खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया जिसमें अन्याय प्रजापति, मृत्युंजय कुमार, सुदर्शन दत्ता, वैदिक मुखर्जी, प्रज्ञा शर्मा, सुभाष कुमार, सौरभ कुमार इन सभी बच्चों कड़ी मेहनत की और लगभग 4 से 5 साल के बाद इस डिग्री को हासिल किया। उन्होंने बताया कि ब्लैक बेल्ट डिग्री हासिल करना लाखों कराटे बाजों का सपना होता है। जो खिलाड़ी इस डिग्री को हासिल कर लेता है वह अपने आप को गर्वान्वित महसूस करता है और उत्साहपूर्ण जीवन जीता है।

भाटी जी ने यह भी बताया कि उन्हें खुशी है कि उनके क्षेत्र के व शहर के खिलाड़ी फरीदाबाद शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्य अतिथि के रूप में आकर जो खुशी मिली उसके लिए वह खुद गर्वान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि वह भी फुटबॉल के नेशनल खिलाड़ी थे लेकिन समय के अभाव में वह आगे नहीं खेल पाये। उन्हें बहुत खुशी है कि उनके शहर के बच्चे आज कराटे में ब्लैक बेल्ट के साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे हैं। वह विजेता सभी खिलाडिय़ों और कोच आशीष को हृदय से शुभकामनाएं देते हैं, ऐसे ही देश और शहर को आगे बढ़ाते रहे।



