भाजपा ने हमेशा झूठ की राजनीति की : कुमारी सैलजा
हिसार (मदन लाहौरिया) 31 अक्टूबर। कांग्रेस की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हिसार एक पत्रकार वार्ता में बोलते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी! पार्टी सदन के अंदर, बाहर और सडक़ों पर जनता के मुद्वों को लेकर अपनी आवाज मजबूत तरीके से बुलंद करेगी! कुमारी सैलजा हिसार स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थी! सैलजा ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू किया जायेगा और संगठन के चुनाव भी कराये जायेंगे! उन्होंने कहा कि पार्टी में जनता के मुद्दे उठाने वाले और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी! उन्होंने भाजपा की राजनीति पर तीव्र प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा झूठ की राजनीति की है! भाजपा का नारा है कि झूठ बोलो और आगे बढ़ो! भाजपा ने चुनाव में प्रचार तंत्र और दूसरे माध्यमों से प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का भरसक प्रयास किया! परंतु तमाम हथकंडे अपनाने के बावजूद भाजपा 40 सीटों पर सिमट कर रह गई और भाजपा को जजपा से गठबंधन करना पड़ा! इस गठबंधन सरकार पर कटाक्ष करते हुए सैलजा ने कहा कि दोनों परस्पर विरोधी पार्टियों का गठजोड़ है! अब यह देखना होगा कि दोनों पार्टियां जनता से किये गये वायदों पर किस तरह अमल कर पाती है!
किसानों की फसल खरीदी में हुए घपले पर बोलते हुए सैलजा ने मांग की कि हरियाणा के कितने किसानों की फसल खरीदी गई इस की जांच की जाये! सैलजा ने कहा कि कैसे भाजपा ने हरियाणा के किसान की फसल की खरीदी बंद की! किसान लोगों का पेट भरता है और भाजपा मंडियों के गेट बंद करती है! किसान खून के आंसू नहीं रोयेगा तो क्या करेगा! अब भाजपा बोलती है कि किसानों का एक एक दाना खरीदेंगे! अगर ऐसा करना था तो पहले मंडियों के गेट पर ताला क्यों लगाया! यह भाजपा के झूठ की पुरानी आदत है! पहले हर चीज को खराब करना फिर दिखाना कि सब ठीक है! आगे उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता की पीड़ा को नहीं समझा तो जनता ने उनको सबक सिखा दिया! अल्पमत होने पर भाजपा और जजपा ने हरियाणा के लोगों का अनादर करते हुए सरकार बनाई! जिसका जवाब हरियाणा की जनता उचित समय आने पर देगी!