महिला सिपाही से छेड़छाड़ कर लाठी से पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश, 18 मार्च : ललितपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र में एक महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि शहर के एक मुहल्ले की रहने वाली 28 वर्षीय एक महिला हमीरपुर जिले में कांस्टेबल के पद पर तैनात है और वह परास्नातक की परीक्षा देने के लिये छुट्टी में अपने घर आई थी।

उन्होंने बताया कि पीड़िता मंगलवार को महाविद्यालय से परीक्षा देकर लौट रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उससे छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसे लाठी से पीटा। सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में मुख्य आरोपी मोगली यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला कांस्टेबल का चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!