लता मंगेशकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया

मुंबई, 11 नवम्बर ! सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद सोमवार तड़के ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को 90 वर्ष की हुईं गायिका की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के एक सूत्र ने कहा, “उन्हें तड़के दो बजे अस्पताल लाया गया। उनकी हालत गंभीर है और वह आईसीयू में हैं।” मंगेशकर की भतीजी रचना शाह ने कहा कि उनकी स्थिति में सुधार आ रहा है। शाह ने कहा, ‘‘वह वायरल संक्रमण से प्रभावित हैं। उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।’’

केवल हिंदी भाषा में 1,000 से ज्यादा गीतों को अपनी आवाज देने वालीं मंगेशकर को 2001 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। मंगेशकर ने इस वर्ष अपना आखिरी गीत रिकॉर्ड किया था। ‘‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की’’ 30 मार्च को रिलीज हुआ था। उन्हें 1989 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!