हरियाणा सरकार ने विधायकों की गाड़ी पर लगाने के लिए झंडी लॉन्च की

हरियाणा। मई 2017 से नेताओं की गाडिय़ों से लालबत्ती व झंडियां हटवा दी गईं थी लेकिन अब उन्हीं की पार्टी की हरियाणा सरकार ने इसका तोड़ निकाला है। सीएम मनोहर लाल, स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, संसदीय कार्यमंत्री कंवरपाल गुर्जर ने विधायकों की गाडिय़ों पर लगाने के लिए विधानसभा के लोगो की मैरून रंग की झंडी लॉन्च कर दी। झंडी जल्द सभी विधायकों को दी जाएंगी। इसे लेकर विधायक भी खुश हैं, क्योंकि झंडी से अब विधायकों की गाड़ी दूर से ही पहचानी जाएगी और न कोई टोल पर रोकेगा, न पुलिस हाथ देगी।

विधायकों ने पहचान के लिए रखी थी मांग : गाडिय़ों पर झंडी की मांग विधायकों ने ही विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के सामने रखी थी। ज्यादातर ने यही कहा था कि उनकी कोई पहचान होनी चाहिए, क्योंकि टोल बूथों पर उन्हें रोक लिया जाता है। जब एमएलए का कार्ड दिखाते हैं, तो उसे मान्य तक नहीं करते। रास्ते में कहीं भी पुलिस कर्मचारी रोक लेते हैं। इससे उन्हें दिक्कत होती है। इसके बाद स्पीकर ने इस पर सलाह करके आखिरी फैसला लिया।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा विधायक ही इस झंडी का इस्तेमाल अपने उन वाहनों पर कर सकेंगे, जो उनके नाम पर पंजीकृत हैं। यदि मौजूदा विधायक के पास अपने नाम से पंजीकृत कोई वाहन नहीं है, तो झंडी का इस्तेमाल निजी या किराए के वाहनों पर किया जा सकता है। झंडी के इस्तेमाल के लिए परिवहन आयुक्त की ओर से पत्र जारी किया जाएगा। यह पत्र हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने या मौजूदा विधायक के विधानसभा का सदस्य रहने तक वैध रहेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!