गुडईयर कंपनी से करीब 50000 कीमत के टायर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : डीसीपी सेंट्रल मुकेश कुमार मल्होत्रा के दिशा निर्देश के तहत कार्य करते हुए पुलिस चौकी सेक्टर 8 प्रभारी कृपाराम की टीम ने चोरी के मुकदमे में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम सौरभ है जो फरीदाबाद के बेहबलपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस को कंपनी की तरफ से सूचना प्राप्त हुई थी कि उन्होंने कंपनी से चोरी करते हुए आरोपी को काबू कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले में पूछताछ शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कंपनी से करीब 50000 कीमत के 8 टायर अपनी एसेंट गाड़ी में लादकर ले जा रहा था जिसे कंपनी की सिक्योरिटी टीम ने काबू कर लिया। पुलिस टीम आरोपी को काबू करके चौकी में लेकर आई और उसके खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2017 से कंपनी में मैकेनिक का काम कर रहा था। कंपनी के मुताबिक आरोपी ने करीब एक महीने पहले भी 2 टायर चोरी किए थे जिसकी बरामदगी के लिए आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और मामले में गहनता से पूछताछ करके आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



