मेहर चंद गर्ग ने 99 साल की उम्र में वैक्सीन लगवाकर लोगों को किया जागरूक

फरीदाबाद : कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए 45 वर्ष से ज्यादा की उम्र के लोगों को समय-समय पर वैक्सीन लगाई जा रही है। वैक्सीन लगाने के लिए अलग-अलग सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें लोग उत्साह से वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
सबसे खास बात यह है कि बुजुर्ग व्यक्ति वैक्सीन लगवाने की होड़ लगा रहे। बुजुर्गों में जो वैक्सीन लगवाने का डर था और वैक्सीन के प्रति जो भ्रांतियां फैली हुई थी उनको दरकिनार करते हुए सबसे ज्यादा संख्या में बुजुर्ग वैक्सीन लगवाने की होड़ में वैक्सीनेशन सेंटर में पहुंच रहे हैं।
वैक्सीनेशन का समय सुबह 9 बजे से 4 बजे तक निर्धारित किया गया है लेकिन डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्गों में इतना उत्साह है कि उन्हें 4 बजे के बाद तक भी ड्यूटी करनी पड़ रही है।
इसी कड़ी में 99 साल के मेहर चंद गर्ग ने डबुआ कॉलोनी ए ब्लॉक डिस्पेंसरी में कोरोना वैक्सीन लगवाई। दूसरी ओर वैक्सीन लगवाने के लिए हॉस्पिटल पहुंच रहे बुजुर्गों का कहना है कि उनके मन में डर और भ्रांतियां फैली हुई थी कि वैक्सीन से शरीर को बहुत नुकसान हो सकता है, लेकिन उन्हें वैक्सीन से कोई नुकसान नहीं हो रहा है और मन में जो डर फैला था वह भी निकल चुका है। 99 साल के मेहर चंद गर्ग ने लोगों से अपील की कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में वैक्सीन लगवाए और इस महामारी से बचें।



