CBI अधिकारी बनकर 1.24 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार, साइबर थाना सेंट्रल की कार्रवाई
मामले में 13 आरोपित किया जा चुके हैं अब तक गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर अपराधियों द्वारा खुद को CBI अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक से 1 करोड़ 24 लाख 45 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान रौनक पाल, राकेश पाल, शुभम राय, अमन दुबे, ओमकार व रणजीत वासी उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ओमकार व रणजीत बिहार, झारखण्ड व छत्तीसगढ से युवाओं को बुलाकर फर्म का खाता खुलवाते थे तथा आगे ठगो को देते थे। वहीं अमन दुबे फर्म के लिए जगह व कागज तैयार करवाता था।
शुभम पाल, राकेश पाल व रोनक पाल तीनों विदेश में बैठे ठगो के साथ टेलीग्राम के जरिए संपर्क में थे और अपने फोन में थर्ड पार्टी ऐप रखते थे। जिससे उनके फोन का एक्सेस ठगो के पास चला जाता था। ठगी की वारदात के समय ओटीपी प्राप्त करने के लिए SIM को फोन में डालकर रखते थे। उसके बाद SIM को निकाल देते थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटनाक्रम में 7 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि सेक्टर-85 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मार्च को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को CBI अधिकारी बताया और कहा कि शिकायतकर्ता के नाम से बेंगलुरु में एक बैंक खाता संचालित हो रहा है, जिसका उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में किया गया है। ठगों ने उसको गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाते हुए उसकी संपत्ति एवं बैंक खातों में जमा धनराशि को जांच एवं सत्यापन के लिए RBI तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार निर्धारित खातों में जमा कराने और जांच पूर्ण होने पर राशि को वापस भेजने बारे कहा गया। ठगो ने RBI, आयकर विभाग तथा सर्वोच्च न्यायालय की मोहर लगे फर्जी दस्तावेज भी शिकायतकर्ता को भेजे। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अप्रैल 2026 में अपने विभिन्न बैंक खातों से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,24,45,000 रुपये ट्रांसफर कर दिया। बाद में जब उसने अपनी धनराशि वापस लेने के लिए ठगों से संपर्क करने का प्रयास किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।



