स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने हेतु एच आई वी एड्स पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया

फरीदाबाद : शिक्षा विभाग के आदेशानुसार राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा में स्वास्थ्य सप्ताह के अवसर पर जूनियर रेड क्रॉस, सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड व स्काउट्स गाइड्स ने प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने हेतु एच आई वी एड्स पर कार्यक्रम का आयोजन किया। जे आर सी एवम एस जे ए बी अधिकारी प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बच्चों से कहा कि मुख्य स्वास्थ्य मुद्दों की ओर लोगों का ध्यान दिलाने के साथ ही विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना को स्मरण करने के लिये इस दिवस को मनाया जाता है। वैश्विक आधार पर स्वास्थ्य मुद्दों को बताने के लिये यूएन के अंतर्गत काम करने वाली संस्था विश्व स्वास्थ्य संगठन विभिन्न विकसित देशों से अपने स्थापना के समय से एच आई वी एड्स, कुपोषण, कुष्ठरोग, टीबी, पोलियो, चेचक आदि सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को लगातार उठाता रहा है। एक स्वस्थ् विश्व बनाने के लक्ष्य के लिये डब्लू एच ओ ने एक बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।
ब्रिगेड अधिकारी प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को चौबीस घंटे सातों दिन स्वास्थ्य की देखभाल करनी चाहिए। इस बार की थीम में कोशिश की जा रही है कि हेल्थ केयर अफोर्डेबल हो। इसका मतलब ये नहीं है कि हेल्थ केयर फ्री में उपलब्ध हो। अच्छे स्वास्थ्य से अभिप्राय न केवल सुबह व शाम की सैर, व्यायाम, योग और संतुलित व पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करना है। विद्यार्थियों को एच आई वी क्या है, एड्स क्या है, किन किन कारणों से व्यक्ति एच आई वी पॉजिटिव हो सकता है तथा क्या क्या सावधानियां रखनी चाहिए ताकि व्यक्ति एच आई वी पॉजिटिव न हो आदि पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर हिंदी प्राध्यापिका बबीता एवम बायोलॉजी प्राध्यापक प्रवीण कुमार और रविंद्र रोहिल्ला ने भी विद्यार्थियों को एड्स की भयावहता के विषय में बताया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने सभी को एड्स बारे जागरूक होने के लिए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।



