कभी सोचा भी नहीं था कि 70 की उम्र में होगा गिरफ्तार !

नई दिल्ली ! नई दिल्ली जिले की मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने ऐसे भगोड़े बुजुर्ग को पकड़ा किया है जिसने 32 वर्ष पहले दिल्ली में वारदात की थी और 70 वर्ष की उम्र में गिरफ्तार हुआ है। आरोपी बुजुर्ग फजरू 22 वर्ष से भगोड़ा घोषित था। मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने इसके साथी दीनू (60) को 29 अगस्त को गिरफ्तार किया था। दीनू भी 22 वर्ष से भगोड़ा घोषित था।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डा. ईश सिंघल के अनुसार मंदिर मार्ग थानाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह की देखरेख में एसआई जयसिंह व एएसआई इंद्रपाल सिंह की टीम ने आरोपी फजरू को उसके गांव बहादुरी, थाना छोपंकी, जिला अलवर राजस्थान एक सितंबर को गिरफ्तार किया।
फजरू ने दीनू व एक अन्य साथी के साथ मिलकर वर्ष 1989 में अंबेडकर नगर, दिल्ली में चोरी की वारदात की थी। ये दुकान का शटर तोड़कर महंगे कपड़े और काफी कैश ले गए थे। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने उस समय फजरू व अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से चुराए गए कपड़े बरामद हो गए थे।
कोर्ट ने बाद में फजरू को जमानत पर रिहा कर दिया था। इसके बाद ये कोर्ट में कभी पेश नहीं हुआ और कोर्ट ने फजरू को चार जून, 1998 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। फजरू शातिर अंतर्राज्यीय सेंधमार था। ये रात के समय दुकानों को अपना निशाना बनाते थे। साथ में गौवंश को भी दिल्ली से उठाकर ले जाते थे। हरियाणा व राजस्थान पुलिस इसे कई केसों में चार बार गिरफ्तार कर चुकी है। फजरू अलवर जेल, राजस्थान, भोंडसी जेल हरियाणा, किशनगढ़ जेल राजस्थान और तिहाड़ जेल दिल्ली में बंद रह चुका है। पटियाला कोर्ट ने फजरू को चार जून, 1998 को भगोड़ा घोषित कर दिया था।



