दिवंगत आत्माओं के लिए संकट मोचन हनुमान मंडल ने की प्रार्थना सभा

फरीदाबाद : श्री संकट मोचन हनुमान मंडल कैली धाम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें कोरोना महामारी के चलते दिवंगत हुई आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई। विशेष रुप से दानवीर प्रतिष्ठित व्यवसाई विनय गुप्ता व मंदिर के हर कार्य में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने वाले सुंदरकांड पाठ मंडल के अहम सदस्य ओ. पी. मालपानी को याद किया गया।
मंदिर के प्रधान पवन वशिष्ठ ने याद करते हुए कहा कि यह समाज की अपूरणीय क्षति है इसको कभी पूरा नहीं किया जा सकता है। ओ.पी. मालपानी मेरे छोटे भाई की तरफ थे और मंदिर में इनका विशेष योगदान रहता था। इनकी कमी पूरी नहीं हो सकती है लेकिन विधि के विधान को कोई टाल भी नहीं सकता है। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वहीं सुंदरकांड पाठ मंडल के सदस्य मनमोहन शर्मा ने मालपानी जी को याद करते हुए कहा कि मेरे लिए यह एक निजी क्षति है जोकि आने वाले समय में जल्दी पूरी नहीं होगी। फिर भी जो ईश्वर को मंजूर हो ईश्वर उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
मंदिर के सदस्य सोम डागा ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि उन्हें मंदिर से जोडऩे में मालपानी जी का विशेष योगदान रहा है और वह मुझे कभी सुंदरकांड पाठ में भूलते नहीं थे। हमेशा उन्होंने मुझे पाठ के बारे में उसके महत्व के बारे में बखूबी समझाया और कहा कि यह एहसान उनका वह जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाग लेने वाले सतपाल, प्रफुल्ल शर्मा, अशोक गर्ग, बृज बिहारी देव चंद सैनी, शंभू नाथ पांडे, हनुमान प्रसाद, अरविंद शर्मा, अशोक शर्मा, एम. एल. बंसल आदि लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम में 2 मिनट का मौन रखकर प्रभु से प्रार्थना की गई, कोरोना काल में वे सभी दिवंगत लोगों को संकट मोचन हनुमान मंडल अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है क्योंकि कोरोना काल में कई जगहों पर शहर के लोग जाना चाहते थे लेकिन कानून की बाध्यता के कारण नहीं पहुंच पाए, उन सबको हम लोग श्रद्धांजलि अर्पण करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। यह सारा कार्यक्रम मंदिर के पुजारी लक्ष्मी नारायण शर्मा व पुजारी श्रीराम शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। अंत में सुंदरकांड पाठ के तत्पश्चात प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ।



