दूसरे के दिए हुए कपड़े पहनना राजा साहब को शोभा नहीं देता : रिंकू चंदीला

फरीदाबाद 13 मार्च ! ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस पार्टी छोड़ने से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त नाराजगी दिखाई दे रही है। इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए है फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व युवा अध्यक्ष रिंकू चंदीला ने कहा कि जिसे कांग्रेस पार्टी ने इतना कुछ दिया है वो व्यक्ति जब अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को धोखा देता है तो बहुत ही दुःख होता है। कांग्रेस पार्टी वो पार्टी है जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी और देश हित को हमेशा ही आगे रख कर राजनीति की है। आज भी कॉंग्रेस पार्टी के करोड़ो कार्यकर्ता ऐसे हैं जिन्हे कुछ नहीं मिला। लेकिन वो फिर भी पार्टी के लिए समर्पित है। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके पिता को कांग्रेस पार्टी ने इतना सम्मान दिया फिर भी उन्होंने अवसरवाद की राजनीति करते हुए पार्टी को धोखा दे दिया। इतने बड़े स्तर के नेता से इस तरह के धोखे की उम्मीद नहीं की जा सकती थी। सिंधिया के इस कदम से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता आहत हैं। रिंकू चंदीला ने कहा कि कम-से-कम ज्योतिरादित्य सिंधिया अपनी बुआ वसुंधरा राजे से ही पूछ लेते की भारतीय जनता पार्टी किस तरह की पार्टी है वहाँ कितना सम्मान है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव तो आता रहता है। लेकिन जो लोग अपने निजी स्वार्थ को ऊपर रख कर राजनीति करते हैं उन्हें जनता सबक सीखाने में भी देर नहीं लगाती। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दूसरे के दिए हुए कपड़े पहनना राजा साहब को शोभा नहीं देता, बेश्क वो बीजेपी के सहयोग से मुख्यमंत्री बन जाएं। लेकिन उन्हें वो स्वतंत्रता और सम्मान नहीं मिल पाएगा जो वो कांग्रेस पार्टी में रहते हुए प्राप्त करते।



