ऑक्सफोर्ड एनिमल हस्बैंड्री डिप्लोमा पशुपालन कालेज का दीक्षारंभ कार्यक्रम सम्पन्न

इंदौर : इंदौर स्थित ऑक्सफोर्ड इंटरनैशनल पशुपालन डिप्लोमा महाविद्यालय के नये सत्र का दीक्षारंभ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। आज यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में संस्था की मार्केटिंग निदेशक एवं प्रभारी- कार्यक्रम डॉ. नेहा शर्मा चौधरी ने बताया कि नाना जी देशमुख विश्वविद्यालय से संबद्ध एनिमल हसबैंड्री डिप्लोमा कोर्स का संचालन ऑक्सफोर्ड इंटरनैशनल शिक्षा समूह के द्वारा संचालित किया जाता है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र का दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि उक्त दीक्षांत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ( क़ानून व्यवस्था) अमित सिंह, इंदौर के प्रतिष्ठित शासकीय महाविद्यालय एस.जी.एस.आई.टी.एस के निदेशक प्रो० नीतेश पुरोहित एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी दीपक जैन “ टीनू” की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के सम्मान से हुआ। अपने स्वागत भाषण में संस्था के समूह निदेशक डॉ. पुनीत द्विवेदी ने सभा अतिथियों एवं नव- प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया।
संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट अक्षांशु तिवारी ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया। अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क़ानून व्यवस्था) अमित सिंह ने विद्यार्थियों को अपने जीवन संघर्ष और सफलता की यात्रा से अवगत कराया और बड़े ही प्रभावी ढंग से विद्यार्थियों के जिज्ञासा भरे प्रश्नों के उत्तर दिये। अपने बढ़े ही संजीदे भाषण में एस.जी.एस.आई.टी.एस के निदेशक प्रो० नीतेश पुरोहित ने विद्यार्थियों को ज्ञान- शील और एकता के भाव को जीवन में उतारकर सदा अध्येता बनने हमेशा कुछ नया सीखने हेतु प्रयास करते रहने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों का शिक्षकों द्बारा रक्षासूत्र बाँधकर पढ़ने-पढ़ाने हेतु संकल्प लिया गया। संस्थान से प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्यरूप से प्रो० प्रीति, अभिषेक उपाध्याय, डॉ. विशाल पुरोहित, डॉ. महावीर छाजेड, डॉ. सीमा तिवारी, डॉ. अक्षय तिवारी, शांतनु तिवारी आदि की विशेष उपस्थिति रही।



