मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत हुड्डा ने सरकार को 1 जून का दिया अल्टीमेटम !

चंडीगढ़ ! हरियाणा सरकार द्वारा मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत कुछ जिलों में धान की रोपाई न करने के आदेश देने के बाद प्रदेश में सियासत शुरू हो गई है। हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने इस मुद्दे पर अलग-अलग धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को 1 जून का अल्टीमेटम दिया है, यदि आदेश वापिस नहीं हुआ तो वे प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करेंगे।
भूपेंद्र हुड्डा ने जोरदार प्रदर्शन की किया ऐलान : वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि धान रोपाई पर रोक के खिलाफ वे कुरुक्षेत्र में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान करेंगे। हुड्डा ने कहा कि वे कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद समेत धान पाबंदी वाले तमाम इलाकों के किसानों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सरकार अपनी जिद पर अड़ी हुई है। सरकार को किसान की हालत और हालात की गंभीरता को समझना चाहिए। महामारी के दौर में खेती व किसान के साथ नए-नए प्रयोग करने के बजाय उन्हें राहत देनी चाहिए। हुड्डा ने कहा कि कोई भी किसान सरकार की थोपी गई शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं है। उन्हें बेझिझक होकर धान की बुआई करनी चाहिए। किसान के हर संघर्ष में हम उनके साथ खड़े हैं। सरकार को कोई अधिकार नहीं बनता है कि वो किसान द्वारा बोई गई फसल को एमएसपी पर ख़रीदने से इंकार कर दे। अगर सरकार ऐसा करती है तो हम निश्चित तौर पर इसका विरोध करेंगे।
एक ज़िम्मेदार विपक्ष होने के नाते हमें किसान और भूजल दोनों की चिंता है। इसलिए हम लगातार सरकार को सुझाव दे रहे हैं कि कैसे किसान और भूजल दोनों को बचाया जा सकता है। सरकार को भी भूजल संरक्षण की योजनाओं के प्रति सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए।



