फरीदाबाद में अनेक सामाजिक संगठन व समाजसेवी जरूरतमंद लोगों की मदद को आगे आए

फरीदाबाद, 7 मई ! जिला में लाकडाउन के दौरान अनेक सामाजिक संगठन व समाजसेवी जरूरतमंद लोगों की मदद को आगे आए तथा उन्हें पका भोजन व ड्राई राशन से उनकी मदद की। इसी कड़ी में समाजसेवी दाल-रोटी वाले संदीप वोरा, उनके साथ आॅल इंडिया वूमैन काउंसिल से काउंसलर जया शर्मा, अनिल भाटिया, संजय गुप्ता, योगेश ने मिलकर प्रतिदिन गरीब लोगों को पका भोजन वितरित किया।

संदीप वोरा ने बताया कि मार्च महीने के अंत में लाकडाउन के मद्देनजर  हर रोज करीब एक हजार जरूरतमंद लोगो को दाल-रोटी, चाय व रस आदि का वितरण निरंतर 20 अप्रैल तक किया। उन्होंने बताया कि दाल-रोटी वालों की तरफ से श्रमिक विहार, एतमादपुर, संतोष नगर, पल्ला, सैक्टर-21डी, खेड़ी पुल आदि क्षेत्रों में पका भोजन के पैकेट वितरित किए, ताकि आपदा की इस घड़ी में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।

उन्होंने बताया कि चाइल्ड राइट एंड यू एनजीओ के सहयोग से करीब 750 परिवारों को ड्राई राशन वितरित किया। एक परिवार को करीब 26 किलो सूखा राशन वितरित किया गया, जिसका उन्होंने पूरा पता व रिकार्ड मैनटेन किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे करीब एक साल से प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शनिवार को रात 8 बजे करीब 200 लोगों को पका भोजन वितरित कर रहे थे। कंट्रोल रूम के इंचार्ज डा. एमपी सिंह बताते हैं कि कंट्रोल रूम पर जब खाने की डिमांड आती थी तो दाल-रोटी वाले को फोन पर संबंधित व्यक्ति का पता भेजकर खाने भिजवाने को कहा जाता था, तब इनकी ओर से जरूरतमंद व्यक्तियों को पका खाना से तुरंत मदद पहुंचाई जाती थी।

सहयोग जागृति संस्था ने भी बांटा ड्राई राशन : इसी प्रकार सहयोग जागृति संस्था की संस्थापक रेखा दीक्षित ने बताया कि उनकी संस्था की ओर से लाॅकडाउन के दौरान वार्ड-22 की चैहान, वेदराम, सरस्वती कालोनी में करीब 150 परिवारों को ड्राई राशन वितरित किया है, जिसमें एक परिवार को करीब 20 किलो को सूखा राशन वितरित किया। संस्था द्वारा इनका पूरा रिकार्ड मैनटेन किया गया है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उनकी संस्था ने केंद्रीय राज्य मंत्री के कार्यालय में भी करीब 500 माॅस्क भेंट किए हैं, ताकि गरीब व जरूरतमंद लोगों को बांटे जा सकें। उनके साथ देवेन्द्र, राजकुमार, अजीत रावत, डा. कमलेश व राजबाला आदि ने पूर्ण सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!