फरीदाबाद में कम नहीं हो रही लोगों की चहल-पहल, शराब के ठेके अभी भी बंद !

फरीदाबाद 4 मई। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को रफ्तार देने के लिए इन्हें खोलने के आदेश जारी किए हैं। इस संदर्भ में सरकार ने नए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके लिए इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स डिपार्टमेंट ने सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्त, जिला उपायुक्तों समेत जिला उद्योग केंद्रों के अधिकारियों को सर्कुलर भी जारी कर दिया है।
हरियाणा में लॉकडाउन फेज-3 का पहला दिन है। प्रदेशभर में ग्रीन और ऑरेंज जोन में इंडस्ट्री के साथ-साथ बाजार खुल गए हैं। बाजारों में भीड़ पहले दो लॉकडाउन की अपेक्षा ज्यादा है। हालात ये हैं कि कुछ लोग मास्क लगाकर घूम रहे हैं लेकिन कुछ अभी भी बे-परवाह होकर सडक़ों पर आए हुए हैं। पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है और लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाकर घूमने के लिए जागरुक कर रही है। वहीं प्रदेशभर में शराब के ठेके नहीं खुले हैं। सरकार ने अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि डिप्टी सीएम ने यह घोषणा जरुर कर दी है कि आने वाले दिनों में शराब पर कोरोना सैस लगाया जाएगा, जिससे शराब की बोतलें महंगी हो जाएगी।
बात करें फरीदाबाद जिले की तो यह रेड जोन में है। यहां सोमवार को काफी दुकानें खुली मिलीं। अन्य दिनों के बराबर ही भीड़ देखने को मिल रही है। बैंकों के आगे भी लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। इसके साथ-साथ प्रशासन ने लोगों को जागरुक करने का मोर्चा संभाल रखा है। वे जगह जगह जाकर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने की अपील कर रहे हैं। इसके साथ-साथ दुकानदारों को भी हिदायत दी जा रही है कि वे ग्राहकों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए कहें। केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक कुछ दुकानें खुल गई हैं। हालांकि हलवाई, शराब के ठेके, स्कूल, कॉलेज, हेयर सैलून आदि नहीं खुले हैं।



