महिला ने सुपारी देकर पति की हत्या कराई थी, रिश्ते में मामा लगते युवक के साथ था अफेयर

रेवाड़ी (हरियाणा) ! महिला ने सुपारी देकर अपना ही सुहाग उजाड़ लिया। प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने ऐसी साजिश रची कि पति को खौफनाक मौत मिली। मामला हरियाणा के रेवाड़ी का है। कोसली थाना के गांव सुधराना में गत 23 दिसंबर को हुई नूंह कोर्ट के टाइपिस्ट की हत्या मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि महिला ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या कराई थी। रिश्ते में मामा लगते युवक के साथ उसका अफेयर चल रहा था। कॉलेज टाइम से दोनों एक दूसरे को चाहते थे। इसलिए पति को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या करवा दी। चार लोगों ने घर में घुसकर युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।
कोसली के गांव सुधराना निवार निवासी सुरेंद्र कुमार मेवात जिले के नूंह कोर्ट में टाइपिस्ट के पद पर तैनात था। शनिवार व रविवार को कोर्ट की छुट्टी होने के कारण वह अपने घर आया हुआ था। सोमवार सुबह उसे अपनी ड्यूटी पर जाना था, लेकिन रात को ही उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार रविवार रात को 10:30 बजे उसके घर की दीवार फांदकर चार नकाबपोश घर में घुस आए। इन लोगों ने घर में घुसते ही सुरेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वारदात के करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।



