मैरिट पर नौकरी बनी हरियाणा की पहचान, खेलों में युवाओं ने दिखाया कमाल : कैप्टन संदीप सिंह

फऱीदाबाद : हरियाणा सरकार में खेल मंत्री एवं भारतीय हाकी टीम के कैप्टन संदीप सिंह ने भाजपा जिला कार्यालय, सेक्टर-11 में हरियाणा सरकार के सात साल पूरे होने पर सरकार के 7 साल 7 कमाल के बारे में पत्रकारों से वार्ता की और बताया कि 27 अक्टूबर को हरियाणा सरकार के 7 साल पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सेवा व लोककल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। 7 सालों में सरकार ने अनेक उपलब्धियों के जरिए जो बेमिसाल कार्य किए हैं, जिस कारण हरियाणा सरकार की चर्चा दूसरे राज्यों में होती हैं और दूसरे राज्य हरियाणा सरकार की नीतियों और निर्णयों को अनुसरण कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में उनके साथ जिला में विधायक सीमा त्रिखा, राजेश नागर, नरेन्द्र गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, प्रदेश मंत्री रेणु भाटिया, जिला महामंत्री मूल चंद मित्तल, आर एन सिंह, प्रदेश सह प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता और सह मिडिया प्रभारी राज मदान उपस्थित रहे।
खेल मंत्री कैप्टन सन्दीप सिंह ने कहा कि 7 साल 7 कमाल पर सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए आगे बताया कि भाजपा सरकार ने 2014 में किसानों से वादा किया था कि खऱाब मौसम से किसान का जो भी नुक़सान होगा, उसका भुगतान सरकारी खज़़ाने से होगा। सरकार बनते ही सबसे पहले सरकार ने आपदा प्रबंधन की राशि को बढ़ाने का कार्य किया। केंद्र की फसल बीमा योजना का बेहतर क्रियान्वयन किया और किसानों को 12000 रुपये प्रति एकड़ मुआवज़ा दिया जाना अपने आप में एक मिसाल और रिकोर्ड है।
आज हरियाणा का किसान सशक्त है और दूसरे राज्यों के किसानों से अग्रणी है। हरियाणा सरकार फसल खरीद में सबसे आगे है पेमेंट सीधा किसानों के खातों में जाती है और देरी होने पर ब्याज भी दे रही हैं। अच्छा बीज उपलब्ध करवाना, मृदा परीक्षण, खाद व दवाएँ उपलब्ध करवाना, फसल तैयार होने पर मंडी में खऱीद, बाग़वानी में उत्पादन को बढ़ाना, पशुधन क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण, पशु नस्ल सुधार के लिए सीमन बैंक, पशुधन मेले का आयोजन आदि अनेकों कार्य किए हैं जिससे किसान सशक्त हुआ है ।
हरियाणा बेहतर जल प्रबंधन में देश में अव्वल राज्यों में है। टेल तक पानी पहुँचाना एक चुनौती था जिसे सरकार ने प्राथमिकता दी। नांगल चौधरी की टेल तक पानी पहुँचाया और मसानी बांध में पानी डालकर बेहतर जल संरक्षण का उदाहरण पेश किया। मेरा पानी- मेरी विरासत, माइक्रो इरीगेशन, भूमिगत माईनर से पानी की उपलब्धता, सोलर पम्प आदि अनेकों योजनाओं के माध्यम से आम जन को ज्यादा पानी उपलब्ध करवाया।
उन्होंने कहा कि 7 वर्षों में हरियाणा सरकार ने गुड गवर्नेंस यानी सुराज देने का काम किया है। प्रदेश में 18000 से ज्यादा अटल केन्द्र और 117 अंत्योदय केंद्रों के माध्यम से पाँच सौ से ज्यादा सेवाओं को ऑनलाइन कर पारदर्शी बनाना, एक बेमिसाल उपलब्धि है। ऑनलाइन ट्रान्सफर पॉलिसी लागू की, जिसका अनुसरण दूसरे राज्यों ने किया। सीएम विंडो पोर्टल के माध्यम से सात लाख से ज्यादा शिकायतों का निवारण हुआ है। ई-गवर्नेंस से गुड गवर्नेंस, नए विभागों का सृजन, वेब हेलरिसव आधुनिक राजकीय रिकोर्ड रूम जिससे सेवा और सुरक्षा बढ़ी है। सेवा के अधिकार से अधिकारियों की जवाबदेही तय हुई है।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब हितैषी है, जिसने आयुष्मान योजना के तहत कोरोना के समय में सहायता देने का काम किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के चिंतन के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने के लिए सरकार ने काम किया है। बीपीएल परिवार की आय सीमा 1.2 लाख से बढ़ाकर 1.8 लाख करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। गरीब बेटियों की शादी में 71000 विवाह शगुन, रेहडी वालों को दस हज़ार का लोन, गऱीब परिवार को मकान की मरम्मत के लिए 80000 की मदद, गऱीब परिवारों के बच्चों को मेडिकल आईआईटी-जेईई जैसी विशेष परीक्षाओं की तैयारी करवाना आदि अनेकों गऱीब हितैषी योजनाओं के माध्यम से गऱीब को सशक्त करने का काम किया है।
प्रदेश में भाजपा सरकार ने युवाओं को शिक्षा के साथ रोजग़ार व योग्यता देने की पहल कर युवाओं का विश्वास जीता है। हरियाणा में पर्ची और खर्ची प्रणाली को बंद किया और अब पात्रता के अनुसार नौकरी मिल रही हैं। मेरिट पर नौकरी मिलना हरियाणा की पहचान बन गया है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की नौकरी में साक्षात्कार को बंद करने का कार्य किया। पढ़ाई के साथ युवाओं में खेल के प्रति जोश बढ़ा है। हरियाणा सरकार की नई खेल नीति से ओलम्पिक में हरियाणा का डंका बजा है। हरियाणा के हर जिले में स्टेडियम की सुविधा है। मेडल जितने वाले खिलाडियों से युवाओं और खिलाडिय़ों को प्रेरणा मिले इसलिए विजेता खिलाडिय़ों का अभूतपूर्व स्वागत कर धनवर्षा की है। मेडल जीतने पर करोड़ों के इनाम, प्लॉट और सरकारी नौकरी से युवाओं और खिलाडिय़ों में जीत की लालसा बढ़ी है।
सामाजिक सुरक्षा में हरियाणा सरकार अग्रणी है। सरकार ने छात्रों के लिए छात्रवृति, मिड डे मील की व्यवस्था, सीनियर सिटीजन, विधवाओं और दिव्यांगो को 2500 रुपए महीना पेंशन, मज़दूरों को भत्ता, लाड़ली योजना, जन धन योजना, नि:शुल्क राशन, कामगारों का पंजीकरण, मातृत्व वन्दन जैसी अनेकों योजनाओं के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा का कवच प्रदान करने का कार्य किया है।



