यमुना रक्षक दल ने पृथला विधायक एवं हरियाणा राज्य भंडारण निगम के चेयरमैन नयनपाल रावत को सौंपा पवित्र यमुना जल

फरीदाबाद : यमुना रक्षक दल के तत्वावधान में हथिनी कुण्ड से लाए गए पवित्र यमुना जल को पृथला के विधायक एवं हरियाणा राज्य भंडारण निगम के चेयरमैन नयनपाल रावत को भेंट किया गया। यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. आर एन सिंह पवित्र यमुना जल उन्हें सादर भेंट किए। इस अवसर पर डॉ. आर एन सिंह ने हथिनी कुण्ड से लेकर वृन्दावन धाम एवं मथुरा जी तक की दुर्दशा, उसके कारणों तथा निवारण हेतु विस्तृत चर्चा किया। उन्होंने हथिनी कुण्ड में प्राकृतिक मार्ग की अत्यंत दीन हीन स्थति जिसमें एक बूँद भी यमुना जल नहीं है का कटु दृश्य प्रस्तुत किया। डॉ. आर एन सिंह ने कहा कि फरीदाबाद से लेकर वृन्दावन धाम एवं मथुरा तक के आम जन प्रकृति प्रदत्त पवित्र यमुना जल से वंचित होकर कष्टप्रद जिन्दगी जीने के लिए मजबूर हैं। माननीय विधायक ने सभी पहलुओं को गंभीरता से सुनकर यमुना जी के अविरलता एवं निर्मलता के मुद्दे को विधानसभा सहित विभिन्न उपयुक्त प्लेटफार्मों पर सम्यक् तरीके से उठाने का आश्वासन दिया। विधायक नयनपाल रावत ने हथिनी कुण्ड जाकर यमुना जी के यथा स्थिति जानने की प्रबल इच्छा व्यक्त किए।
यमुना रक्षक दल पवित्र यमुना जल को फरीदाबाद के जनप्रतिनिधियों, यमुना जी के किनारे बसे गाँवों के प्रबुद्ध एवं गणमान्य लोगों को भेंट कर यमुना जी से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जन जन तक पहुँचाने का काम कर रहा है। इस मिशन के तहत वृन्दावन धाम, मथुरा तथा फरीदाबाद के प्रसिद्ध मंदिरों में जहाँ भगवान श्री राधे-कृष्ण की पूजा अर्चना की जाती है हथिनी कुण्ड से लाया गया पवित्र यमुना जल भेंट किया जारहा है। वृन्दावन धाम में आयोजित हो रहे पवित्र कुम्भ मेले में साधु-सन्तोंको पवित्र यमुना जल भेंट किया जा रहा है।
यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास महाराज, राष्ट्रीय संरक्षक स्वामी कौशल किशोर महाराज तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. आर एन सिंह हथिनी कुण्ड जाकर हरियाणा सरकार के निवर्तमान पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल के सौजन्य से दस हजार लीटर पवित्र यमुना जल लेकर आए हैं।



