लाल किला हिंसा मामले में वांछित आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 10 फरवरी : गणतंत्र दिवस पर लाल किला हिंसा मामले में वांछित एक व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस विशेष प्रकोष्ठ के उत्तरी रेंज की टीम ने इकबाल सिंह को मंगलवार रात पंजाब के होशियारपुर से गिरफ्तार किया। उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।

विशेष प्रकोष्ठ ने सोमवार को लाल किला हिंसा मामले में मुख्य आरोपी अभिनेता-कार्यकर्ता दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया। सिद्धू लाल किला हिंसा मामले का ‘‘मुख्य साजिशकर्ता’’ है।प्रदर्शनकारियों को भड़काने के आरोपी बूटा सिंह, सुखदेव सिंह, जजबीर सिंह और इकबाल सिंह पर 50-50 हजार रुपये का इनाम है। इनमें सिद्धू, इकबाल सिंह और सुखदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ ट्रैक्टर परेड के दौरान हजारों प्रदर्शनकारियों की 26 जनवरी को पुलिस से भिड़ंत हो गयी थी। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर के साथ राजधानी के विभिन्न इलाकों में आ गए थे और कुछ प्रदर्शनकारी लाल किला पहुंच गए। उनमें से कुछ लोगों ने लाल किला में ध्वज स्तंभ पर धार्मिक झंडा भी लगा दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!