विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को दिया 24 अप्रैल को पानीपत पहुंचने का निमंत्रण

- डीसी जितेंद्र यादव ने जिला प्रशासन की प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियों की जानकारी ली
- प्रकाश पर्व तक जिला के सभी गुरुद्वारों में रोशनी से नजर आएगा उत्सव का माहौल
- प्रकाश उत्सव में गुरुद्वारों के साथ-साथ मंदिरों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी बनेंगे भागीदार
फरीदाबाद : आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व समाज को विशेष तौर पर युवा शक्ति को सकारात्मक संदेश देगा। सरकार की सामाजिक सोच ही विकास का द्योतक बन रही है। प्रकाश पर्व को लेकर राज्य स्तर पर गठित आयोजन समिति के सदस्य एवं फरीदाबाद जिला के प्रभारी पंजाबी साहित्य अकादमी हरियाणा के डिप्टी चेयरमैन सरदार गुरविंदर सिंह ने लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में जिला में स्थित गुरुद्वारों, मंदिरों, मस्जिदों तथा सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी कर ली है।
डीसी जितेंद्र यादव ने बताया कि 24 अप्रैल को पानीपत में आयोजित राज्य स्तरीय प्रकाश पर्व में फरीदाबाद जिला से जन भागीदारी उल्लेखनीय रहेगी। जिला के विभिन्न गुरुद्वारों, मंदिरों, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने 24 अप्रैल को जिला से बड़ी संगत के साथ पानीपत पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर पानीपत में राज्य स्तरीय कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपने गुरुओं के बलिदान, त्याग व तप से अवगत कराना है। ऐसे आयोजन में भागीदारी करने से धर्म मजबूत बनता है। यह राजनीतिक नहीं बल्कि एक धार्मिक कार्यक्रम है। ऐसे में उमंग व उत्साह के साथ पानीपत जाकर गुरुद्वारा में मत्था टेके और विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त रागी व ढाड़ी के कीर्तन से निहाल हो। प्रकाश उत्सव में सेवा के लिए विभिन्न गुरुद्वारों के सेवादारों से अनुरोध करते हुए कहा कि प्रकाश उत्सव तक अपने गुरु घर को अच्छी तरह सजाए और उनमें रोशनी का इंतजाम करें ताकि एक भव्य उत्सव के हम सब भागीदार बन सके।
उपायुक्त जितेंद्र यादव ने कहा कि पानीपत पहुंचने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अच्छी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने प्रकाश उत्सव की तैयारियों व पानीपत पहुंचने के लिए बैठक में पहुंचे विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए। जिला से पहुंचे विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को प्रकाश पर्व में गरिमा के साथ अधिक संख्या में शामिल होने का भरोसा भी दिया। सभी प्रतिनिधियों ने कहा कि पानीपत जाने वाली संगत के लिए वह खाने व पानी की व्यवस्था वह स्वयं अपने गुरुद्वारों से करेंगे।



