10 लाख रुपए की लूट के झूठे मामले में शिकायत देकर अपने आपको पीड़ित बताने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

- बीते 4 महीनों में झूठी शिकायत देने वालों के खिलाफ किए जा चुके हैं 84 मुकदमे दर्ज
फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा द्वारा झूठी शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने तथा पुलिस तथा अदालत का कीमती समय बर्बाद करने के मामले में झूठी शिकायत देने वालों खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के दिशा निर्देश तथा डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए पुलिस थाना सदर बल्लबगढ़ प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन तथा क्राइम ब्रांच 65 प्रभारी ब्रह्म प्रकाश की टीम ने एक झूठे मामले का पर्दाफाश करते हुए अपने आप को पीड़ित बताने वाले आरोपी के खिलाफ झूठी शिकायत देने का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि आरोपी का नाम नवीन है जिसकी ग्रेटर नोएडा में एमपी ऑटो मोबाइल नाम से कंपनी है जो फरीदाबाद से निशा कास्टिंग के मालिक जयपाल से अपनी कंपनी का ऑटो पार्ट्स का सामान खरीदता है। दिनांक 11 जून को नवीन ने पुलिस थाना सदर बल्लभगढ़ में आकर शिकायत दी कि 10 जून की रात जयपाल व उसके साथी नीटू ने गांव दयालपुर के पास उसकी गाडी के आगे अपनी गाडी लगाकर उनकी गाडी छीन ली तथा उनका अपहरण करके 10 लाख रुपये लूट लिए।
शिकायतकर्ता की बातों से थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन को मामला संदेहजनक लगा तो क्राइम ब्रांच 65 प्रभारी ब्रह्म प्रकाश की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शिकायत के अनुसार रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम ने शिकायतकर्ता नवीन से गहनता से पुछताछ की जिसमे सामने आया कि नवीन द्वारा दी गई शिकायत झूठी है।
नवीन ने बताया कि वह फरीदाबाद से जयपाल की कंपनी से कुछ सामान लेकर जा रहा था परंतु उसने बाद में पैसे देने की बात कही पर जयपाल ने उसकी बात नहीं मानी और सामान वापिस उतरवा लिया। इसी बात का बदला लेने के लिए नवीन ने जयपाल व उसके साथी के खिलाफ झूठी शिकायत दी थी। नवीन ने बताया कि उसके 10 लाख रुपए नोएडा में उसके मकान में सुरक्षित हैं। इसके पश्चात आरोपी की निशानदेही पर नोएडा के उसके मकान से 10 लाख रुपए बरामद किए गए। इस मामले में नवीन द्वारा लगाए गए इल्जाम झूठे पाए गए।
पुलिस ने नवीन के खिलाफ झूठी शिकायत देखकर पुलिस को गुमराह करने तथा पुलिस तथा अदालत का समय बर्बाद करने के जुर्म में भारतीय दंड संहिता की धारा 182 के तहत नवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त द्वारा झूठी शिकायत देकर किसी निर्दोष को सजा दिलाने वाले तथा पुलिस तथा अदालत का वक्त बर्बाद करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रकार की झूठी शिकायतों को वजह से निर्दोष व्यक्ति को बहुत सारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है और उसे कोर्ट कचहरी के चक्कर काटने पड़ते हैं। किसी निर्दोष व्यक्ति को इसकी वजह से हानि न पहुंचे तथा समय की बर्बादी न हो इसीलिए झूठी शिकायत देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार बीते 4 महीनों में झूठी शिकायत देने वालों के खिलाफ 84 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं जिसमे फरवरी के 15, मार्च के 25, अप्रैल में 19 तथा मई में 25 मुकदमे शामिल है। पुलिस आयुक्त ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति अपने फायदे के लिए इस प्रकार की हरकत ना करें अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



