27 से 29 मई को विद्यार्थी उज्जवल भविष्य निर्माण शिविर का होगा आयोजन

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : अक्सर बच्चे छुट्टियों में घूमने-फिरने, फिल्म देखने व खेल-कूद में ही समय बिता देते हैं। छुट्टियों में बच्चों को कुछ खास करना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए संत श्री आशारामजी आश्रम, भाखड़ी, फरीदाबाद में 27 से 29 मई को विद्यार्थी उज्जवल भविष्य निर्माण शिविर का आयोजन होने जा रहा है। यह शिविर साध्वी रेखा बहन और रामा भाई के सानिध्य में हो रहा है। इस शिविर में पूरे हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर के हजारों विद्यार्थी लाभ लेंगे।
प्रेस कांफ्रेंस में रामा भाई ने बताया कि शिविर में बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए योगासन-प्राणायाम, पढ़ाई में आगे आने के प्रयोग, माता-पिता, बड़े-बुजुर्गों के प्रति आदर सत्कार के संस्कार, प्रतिभाएं विकसित करने के लिए खेलकूद और तंदुरूस्त रहने के लिए खानपान की सही जानकारी, जीवन में सफल होने के लिए विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया व सिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर में भाग लेने के लिए विद्यार्थी बड़ी उत्सुकता से इंतजार करते हैं।
श्री रामा ने बताया कि पूज्य बापूजी विद्यार्थियों के विकास और उनकी प्रतिभाएं विकसित करने के लिए सदा से ही प्रयत्नशील रहे हैं। उनकी प्रेरणा से देश भर में पिछले 25 साल से विद्यार्थी शिविरों का आयोजन हो रहा है। गर्मियों की छुट्टियों में देश भर में 500 से अधिक विद्यार्थी शिविर आयोजित होते हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य के लिए मेडिकल वैन, डॉक्टर्स, पानी, भोजन, रहने आदि की व्यवस्था की जाएगी।



