दीदी संदेश और मोदी संदेश मिठाइयों की चर्चाएं जोरों पर

कोलकाता : बंगाल में तेज होते जा रहे चुनावी प्रचार अभियान के बीच राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर तीखे हमले कर रही हैं। लेकिन इस सियासी कड़वाहट को मिठाई की दुकानों ने कम करने की अनूठी कोशिश की है। यहां ममता व मोदी नाम की मिठाइयां कड़वाहट को दूर करने में जुटी हैं। कोलकाता में 1885 से बालाराम मल्लिक और राधारमण मल्लिक का शुरू किया गया मिठाई का कारोबार अब सुदीप मल्लिक संभाल रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले इनकी मिठाई कंपनी की खास मिठाइयां की चर्चा पूरे बंगाल में हो रही है।

दुकान के मालिक सुदीप मल्लिक बताते हैं कि सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है, इसको देखकर हम अपनी मिठाइयां बनाते हैं। इस समय बंगाल चुनाव से बड़ा मुद्दा कोई नहीं है। इसलिए हम राजनीतिक पार्टियों को चुनाव चिह्नों वाली मिठाई और इस चुनाव में लोकप्रिय हुए खेला होबे औ जय श्री राम नारे वाली संदेश (बंगाली मिठाई) बना रहे हैं, जो लोगों को खूब पसंद आ रही है।
सुदीप बताते हैं कि मौजूदा समय में वो प्रदेश की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा के सबसे बड़े प्रचारक और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्रों की नक्काशी वाली दीदी संदेश और मोदी संदेश मिठाइयां भी बन रही हैं। जिसकी चर्चाएं लोगों और पार्टी समर्थकों के बीच खूब हो रही हैं।



