नेत्रों में ज्योति देना पुण्य का कार्य : डॉक्टर देवेंद्र शर्मा

वृंदावन 1 जनवरी (मनीष शर्मा) : विगत कई वर्षों की भांति इस वर्ष भी धर्म अध्यात्म एवं जनकल्याण को समर्पित भागवत सेवा संस्था के तत्वावधान में गोलोक वासी भागवत भूषण श्रीनाथ शास्त्री की पुण्य स्मृति में संस्था के अध्यक्ष वैदिक पथिक भागवत किंकर अनुराग कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में तीन दिवसीय नेत्र परीक्षण एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश बाल कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉक्टर देवेंद्र शर्मा एवं पीपा द्वारा चार्य बलराम बाबा ने भगवान कृष्ण एवं नाथ शास्त्री के चित्रपट के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से किया।

अमरनाथ धाम में निफाद ग्रामीण नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से लगे इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए डॉक्टर देवेंद्र शर्मा ने कहा कि एक और जहां पूज्य शास्त्री ने भागवत की शिक्षा के माध्यम से हजारों लोगों को ज्ञान बांटा तो दूसरी ओर अनुराग कृष्ण शास्त्री उन्हीं की प्रेरणा से सैंकड़ो लोगों के नेत्रों में रोशनी बांटने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दीन दुखी, गरीब ,असहाय लोग जो धन के अभाव में आंखों का ऑपरेशन अथवा आंखों का परीक्षण नहीं करा पाते हैं, उनकी आंखों का इलाज कराना व उनका ऑपरेशन कराना बहुत पुण्य का कार्य है, इसके लिए महाराज की और संस्था की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।

बलराम बाबा ने कहा कि नेत्रों के बिना संसार शून्य है और जीवन अंधकार मय होता है। मानव शरीर में नेत्रों का प्रमुख स्थान है। चलना-फिरना, लिखना-पढऩा, देखना और दैनिक दिनचर्या के कार्य बिना नेत्रों के कर पाना असंभव सा होता है। नेत्रों की सुरक्षा और रोशनी प्रदान करना मानव की सच्ची सेवा है।

शिविर के संयोजक प्रमुख समाजसेवी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि शिविर में मथुरा जनपद के अतिरिक्त आगरा, अलीगढ़, हाथरस, हरियाणा से भी मरीज आए हैं, जिनको संस्था के द्वारा ऑपरेशन, कंबल दवा, भोजन, चश्मा आदि नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर अनुराग शास्त्री, डॉ मीमांसा माहेश्वरी, विष्णु दान शर्मा, एस के मिश्रा, जगदीश शर्मा, नारायण शर्मा, डॉ खेमराज बराल, शुभम तिवारी, भोजराज, श्याम सुंदर आदि उपस्थित थे। संयोजन देवेंद्र शर्मा ने, संचालन एवं प्रबंधन विश्वास शर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन डॉ कृष्ण कुमार शर्मा ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!