पुलिस ने उसी जगह पर किया चारों आरोपियों का एनकाउंटर

हैदराबाद 6 दिसम्बर। हैदराबाद में जिस हाइवे एनएच 44 पर 27 नवंबर की रात लेडी डॉक्टर का गैंगरेप हुआ, उसी हाइवे पर तेलंगाना पुलिस ने चारों आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया है। हैदराबाद पुलिस चारों आरोपियों को मौके पर इसलिए लेकर गई थी जिससे घटना का रिक्रिएशन किया जा सका। यह घटना आज सुबह की है। उससे पहले हैदराबाद में महिला डॉक्टर से हैवानियत के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हो रहे थे। सडक़ों पर उतरकर लोग महिला सुरक्षा पर सवाल कर रहे थे। पुलिस की जांच में कई खुलासे हुए थे और आरोपियों का वीडियो और पूरी कुंडली सामने आ गई थी। उधर आरोपियों को हैदराबाद की केरलाकुल्ली जेल में बंद किया गया था।
हैदराबाद में जब पुलिस आरोपियों को लेकर थाने पहुंची तो उसकी भनक लोगों को लग गई थी। इसके बाद कुछ ही देर में सैकड़ों लोगों ने थाना घेर लिया था। इसके बाद पुलिस ने उस थाने की सुरक्षा बढ़ा दी थी और बाद में उन्हें हैदराबाद की जेल में ले जाया गया था। चारों आरोपियों को केरलाकुल्ली सेंट्रल जेल के अलग-अलग बैरक में रखा गया था। बताया जा रहा है कि उन्हें अलग इसलिए रखा गया है ताकि वे एक दूसरे को नुकसान ना पहुंचा सकें और वे कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे जांच प्रभावित हो। इससे पहले पुलिस ने वारदात की जांच में कई खुलासे किए थे। इस खुलासे के बाद आरोपियों का वीडियो और पूरी कुंडली सामने आ गई थी। चारों आरोपी बचपन के दोस्त थे। आरोपी मोहम्मद आरिफ ट्रक ड्राइवर था, बाकी तीनों क्लीनर थे।
पुलिस के मुताबिक 27 नवंबर की रात को महिला डॉक्टर को ट्रक ड्राइवर और उसके साथियों ने अगवा किया। आरोपी पीडि़ता को सुनसान जगह पर ले गए और उसे जबरन शराब पिलाई और गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था। एक आरोपी ने मुंह और नाक दबाकर पीडि़ता की जान ली। इसके बाद वहां से 27 किलोमीटर दूर ले जाकर पेट्रोल डालकर उसका शव जला दिया। शव के पास ही पीडि़ता का फोन, घड़ी सब छिपा दिया था.।



