चोरी का वाहन खरीदने वाले आरोपी को मोटरसाइकिल सहित अपराध शाखा सेक्टर 56 की टीम ने किया गिरफ्तार
आरोपी पर पूर्व में धोखाधड़ी के 7 मामले हैं दर्ज

फरीदाबाद : पुलिस उपायुक्त अपराध हेमेंद्र कुमार मीणा के द्वारा शहर में आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों की धर-पकड़ के दिए गए दिशा निर्देश के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर 56 की टीम ने चोरी के वाहन खरीदकर चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी टेकचंद उर्फ कल्लू गांव सदरपुर चाँदहट पलवल का रहने वाला है। अपराध शाखा टीम ने आरोपी को अपने गुप्त सूत्रों से प्राप्त सूचना से गस्त के दौरान सेक्टर 56 एरिया से मोटरसाइकिल सहित काबू किया है। आरोपी ने बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल सेक्टर 12 सिल्वर सिटी मॉल के पास से चोरी की गई है। पूछताछ में सामने आया कि उसने मोटरसाइकिल को चलाने करने के लिए किसी अनजान व्यक्ति से ₹5000 में खरीदा है। मोटरसाइकिल का मामला थाना सेंट्रल में दर्ज है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल खरीदकर उसका उपयोग एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर पैसे निकालने में करता है। आरोपी पर पूर्व में एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ करने के 7 मामले दर्ज हैं। आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।



