जम्मू की बारिश-बाढ़ ने लगाया ट्रेनों पर ब्रेक; 58 गाड़ियां हुई रद्द

जम्मू : देश के कई राज्यों में भारी बरसात का दौर जारी है। जम्मू में बाढ़ और भूस्खलन ने बेहाल कर रखा है। इसका असर रेल यातायात पर भी दिख रहा है खासतौर पर जम्मू डिविजन खासा प्रभावित नजर आ रहा है। उत्तर रेलवे ने जम्मू कटरा रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाली 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इससे पहले मंगलवार को 27 ट्रेनों को बीच में ही जहां का तहां रोक दिया गया था। अचानक ट्रेन कैंसिल होने से रेल यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे का कहना है कि, जम्मू में भारी बारिश के चलते 58 ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया है। जबकि 18 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है।
उत्तर रेलवे जम्मू संभाग के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, जम्मू क्षेत्र में मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों को रद्द किए जाने का ये फैसला किया गया है। जम्मू-कटरा रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमें 22 ट्रेनों में से 9 माता वैष्णो देवी मंदिर कटरा से चलने वाली हैं, जबकि बाकी ट्रेनें कटरा, जम्मू और उधमपुर स्टेशनों पर पहुंचने वाली थीं।
रेलवे का कहना है कि, बारिश के प्रकोप को देखते हुए 27 रेलगाड़ियों को फिरोजपुर, मांडा और चक रखवालान के अलावा पठानकोट में बीच में ही रोक दिया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि कटरा-श्रीनगर डिविजन पर ट्रेन परिचालन लगातार जारी है। चक्की नदी में भारी मिट्टी के कटाव और अचानक आई बाढ़ के कारण पठानकोट से हिमाचल प्रदेश के कंदरोरी तक ट्रेन सेवाओं को भी स्थगित किया गया था।
रेलवे ने अनुरोध किया है कि, वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि मौसम सामान्य होते ही बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे, लेकिन अभी यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। लगातार बारिश और उससे उत्पन्न हालात ने न केवल परिवहन व्यवस्था को प्रभावित किया है, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा योजनाओं पर भी असर डाला है। प्रशासन और रेलवे की टीमें हालात पर करीबी नजर रखे हुए हैं और कहा जा रहा है कि राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त संसाधन झोंके जा रहे हैं।



