Universal Hospital के चिकित्सकों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग की जटिल हार्ट सर्जरी कर बचाई जान

फरीदाबाद, 7 अक्टूबर (मनीष शर्मा)। यूनिवर्सल अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 60 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की हार्ट की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर उसकी जान बचाई है। महेश नामक यह मरीज पिछले कई महीनों से सांस लेने में दिक्कत, खून की उल्टी, कमर दर्द, दोनों पैरों में सूजन और पेट में पानी भरने की समस्या से परेशान थे। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें यूनिवर्सल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में पता चला कि उनके हृदय की रक्त वाहिनियों में गंभीर ब्लॉकेज है और हार्ट के एक वाल्व में लीकेज भी है।
अस्पताल के चेयरमैन एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेश जैन ने बताया कि मरीज की हालत अत्यंत नाजुक थी और सर्जरी करना जोखिम भरा था। टीम ने पहले मरीज की पूरी स्वास्थ्य जांच की और अन्य जटिलताओं को नियंत्रित किया। इसके बाद आधुनिक तकनीक की मदद से सफलतापूर्वक हार्ट सर्जरी की गई। डॉ. जैन ने बताया कि ऐसी सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है क्योंकि मरीज की उम्र और स्वास्थ्य दोनों ही कमजोर थे, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की सूझबूझ और अनुभव से यह सर्जरी पूरी तरह सफल रही।
सर्जरी के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन जी रहे हैं। डॉ. जैन ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को सांस फूलने, सीने में दर्द, पैरों में सूजन या अचानक कमजोरी जैसी समस्या हो तो उसे नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और सही उपचार से गंभीर हृदय रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सल अस्पताल में हृदय रोगों के लिए आधुनिक जांच और उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं और अनुभवी चिकित्सकों की टीम 24 घंटे मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहती है।



