जनवादी महिला समिति ने लॉकडाउन के दौरान महिलाओं व बच्चों के साथ घरेलू हिंसा पर गहरी चिंता व्यक्त की

गुडग़ांव। जनवादी महिला समिति ने लॉकडाउन के दौरान महिलाओं व बच्चों के साथ घरेलू हिंसा तथा यौन हिंसा की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है तथा संगठन ने हिंसा पीडि़तों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। प्रेस बयान जारी करते हुए जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव सविता व राज्य अध्यक्ष उषा सरोहा ने कहा कि दुनिया भर में महिलाओं व बच्चों के साथ घरेलू हिंसा व यौन हिंसा बढऩे की रिपोर्टस हैं। लगातार घर में ही रहने से व आर्थिक समस्याओं की वजह से लोगों के मानसिक तनाव बढ़ रहे हैं जिसका आसान शिकार महिलाएं और बच्चे हो रहे हैं। साधारण महिलाओं से लेकर महिला जज तक घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं। सिरसा जिला की सीजेएम ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करवाई है। परंतु आम महिलाओं व बच्चों के लिए इस समय में पुलिस व अन्य सहयोगी संस्थानों से मदद लेना भी मुश्किल हो रहा है। यहां तक कि संयुक्त राष्ट्र संघ महासचिव को भी सभी देशों की सरकारों से अपील करनी पड़ी है कि महिलाओं व बच्चों की घरेलू हिंसा से सुरक्षा की जाए।
एक तरफ घरेलू हिंसा बढ़ रही है दूसरी तरफ इसके मुख्य कारकों में से एक शराब खोरी को बढ़ाने के लिए आज हरियाणा सरकार ने शराब की फैक्ट्रियों को फुल स्केल पर शराब उत्पादन करने के आदेश दिए हैं। राज्य सरकार का यह फैसला निहायत ही शर्मनाक है। संगठन मांग करता है कि इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाए तथा महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएं। जनवादी महिला समिति पिछले लंबे समय से घरेलू हिंसा व यौन हिंसा के खिलाफ काम कर रही है। इस नाजुक समय में भी संगठन हिंसा पीडि़त महिलाओं के साथ है तथा मदद के लिए हर समय उपलब्ध है। संगठन ने निम्नलिखित हेल्प नंबर जारी किए हैं – 9416974185, 9899810515, 9650463835, 9306466752, 9466478773, 8901116109, 9416796560, 9896910612 !



