क्रेडिट कार्ड प्वाइंट रिडीम के नाम पर 1,40,367/- रुपये की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाना NIT टीम की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने क्रेडिट कार्ड प्वाइंट रिडीम करने के नाम पर 1,40,367/- रुपये की ठगी करने के मामले में आरोपी अभिषेक शर्मा (29) निवासी शिकारपुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एनआईटी-5, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 24 मई को उसे क्रेडिट कार्ड रिडीम करने संबंधी एक मैसेज के माध्यम से लिंक प्राप्त हुआ। लिंक खोलने के बाद उसने अपने कार्ड की जानकारी व प्राप्त ओटीपी दर्ज कर दिया। इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन हैंग हो गया और उसके बैंक खाते से 1,40,367/- रुपये की राशि निकल गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने दोस्त आकाश के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसमें अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर कराया और उक्त खाता ठगों को उपलब्ध करा दिया। आकाश के खाते में ठगी की 93,578/- रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। मामले में आकाश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी अभिषेक को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!