अग्रवाल वैश्य समाज आम सभा की बैठक 7 मार्च को वृंदावन में

फरीदाबाद, 7 फरवरी (मनीष शर्मा)। अग्रवाल वैश्य समाज की प्रदेश स्तरीय आम सभा की बैठक आगामी 7 मार्च 2026 को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि वृंदावन के दिल्ली श्रीधाम रुक्मणी विहार में आयोजित की जाएगी। ये जानकारी देते हुए अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश संगठन मंत्री केदारनाथ अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की अध्यक्षता में वृंदावन जैसे पावन तीर्थ स्थल पर आम सभा का आयोजन समाज की एकता, वैचारिक चिंतन और भविष्य की दिशा तय करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और रासलीलाओं से अनुप्राणित यह धरा आज भी कण-कण में आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है और ऐसे दिव्य वातावरण में संगठन की बैठक समाज को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की कार्ययोजनाओं पर गहन चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री पद के लिए संगठन का 9वां द्विवार्षिक चुनाव भी संपन्न करवाया जाएगा। यह चुनाव समाज के लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और नेतृत्व को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने बताया कि आयोजन के पश्चात प्रतिभागियों को वृंदावन धाम के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन भी करवाए जाएंगे, जिससे सामाजिक विमर्श के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभूति का भी अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज की यह आम सभा बैठक न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी, बल्कि समाज के भविष्य की रूपरेखा तय करने में भी मील का पत्थर साबित होगी। वैश्य समाज के लिए यह आयोजन एकता, चिंतन और नवसंकल्प का सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने प्रदेशभर के वैश्य बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अवसर केवल संगठनात्मक निर्णयों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की गौरवशाली यात्रा का एक नया अध्याय भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन ऐतिहासिक और सफल सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!