एक्सटॉर्शन के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर किया था फायर, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों पर लगातार सटीक कार्रवाई की जा रही है। अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम ने 7 फरवरी को थाना सेंट्रल के एक एक्सटॉर्शन व शस्त्र अधिनियम के मामले में मोनू गुर्जर (22) निवासी सुखपुरा रोड भटिंडा पंजाब, हनी (20) निवासी संजय नगर बठिंडा पंजाब , कपिल उर्फ कन्नू (21) निवासी भटिंडा पंजाब को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने अपने आकाओं के कहने पर शिकायतकर्ता के घर में धमकी भरा पत्र व कारतूस डाले थे।

वरुण कुमार दहिया सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम तीनों आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। 10 फरवरी को अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम आरोपी मोनू गुर्जर को लेकर बरामदगी के लिए पुलिस चौकी पाली क्षेत्र के अंतर्गत फरीदाबाद गुड़गांव रोड पर पहाड़ी क्षेत्र में गई थी। जहां पर आरोपी ने एक पिस्टल, पांच कारतूस तथा AK-47 के पांच कारतूस बरामद कराये थे, इसी दौरान आरोपी मोनू ने पुलिस कर्मचारी की आंख में मिट्टी फेंक कर उसकी सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर दो फायर किये। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बांए पैर में गोली लगी।

उन्होंने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि 5 फरवरी को थाना सेंट्रल में एक्सटॉर्शन व शस्त्र अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत एक मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में फरीदाबाद के एक व्यापारी ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसका स्टील का व्यापार है। 17 दिसंबर 2025 को दिन के समय उसके व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के लिए फोन आया था। इसके बाद 2 फरवरी को दिन के समय उसके मकान के आसपास कुछ नौजवान लड़के संदिग्ध गतिविधि में दिखाई दिये थे तथा 5 फरवरी को रात के समय उसके घर की गैलरी में पड़ी एक थैली में 5 कारतूस व रंगदारी मांगने का एक धमकी भरा पत्र मिला था।

मोनू गुर्जर को इलाज के लिए एम्स अस्पताल दिल्ली में दाखिल कराया हुआ है जिनकी स्थिति सामान्य है। मोनू के विरूद्ध अपहरण, लडाई झगडे व आर्म्स एक्ट के 4 मामले पंजाब में दर्ज हैं, वहीं हनी पर एक डकैती तथा कपिल पर एक वाहन चोरी का मामला पंजाब में दर्ज है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!