सरूरपुर गांव में ज्वेलर्स की दुकान पर हुई लुट के मामले में एक आरोपी काबू

अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम ने की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों पर लगातार ठोस कार्रवाई की जा रही है। 11 मार्च को गांव सरूरपुर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान पर 350 ग्राम के करीब सोने के आभूषण लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम ने एक आरोपी को गाजियाबाद से काबू किया है, जिसकी पहचान साकिब वासी गांव सिंगरैड़ा जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 11 मार्च को दिन के समय गांव सरूरपुर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर नकाबपोशों द्वारा हथियार के बल पर लगभग 350 ग्राम सोने के आभूषण लूटने की वारदात का अंजाम देकर मोटरसाइकिल पर फरार होने बारे मामला सामने आया था। जिस संबंध में संजय वासी सेक्टर 85 फरीदाबाद की शिकायत पर थाना मुजेसर में लूट की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखा सेक्टर 30, सेक्टर 56, सेक्टर 48 व AVTS की टीमों को कार्रवाई के लिये निर्देशित किया गया। जिस पर सभी टीमों ने अपने अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया और संयुक्त कार्रवाई से अपराध शाखा सेक्टर 30 की टीम एक आरोपी साकिब को काबू करने में सफलता हासिल की है।

आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस घटनाक्रम में वह मोटरसाइकिल चालक था। घटना में प्रयुक्त लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल को उसके साथियों द्वारा दिल्ली से चोरी किया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मोटरसाइकिल चला कर अपने साथियों के साथ भाग कर बालाजी कॉलोनी करनेरा गांव की तरफ आये थे तथा मोटरसाइकिल को वहीं पर छोड़ कर एक टैक्सी से भाग गये थे।

आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है, जिस पर लूट, चोरी की धाराओं के अंतर्गत 6 मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है जिनको शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!