बच्चों में संस्कारों को बढ़ाने में विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल बल्लबगढ़ में सबसे आगे : टिपरचंद शर्मा

बल्लभगढ़ : बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 स्थित विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीसरी कक्षा से लेकर दसवीं कक्षा तक के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि को और अधिक मजबूत बनाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता टिपर चंद शर्मा उपस्थित रहे। स्कूल परिसर में पहुंचने पर विद्यालय के चेयरमैन धर्मपाल यादव , दीपक यादव , सुनीता यादव ,रेखा मालिक ,प्रिंसिपल श्वेता और स्टाफ द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल की मैनेजमेंट उनके अपने परिवार की तरह है।स्कूल मैनेजमेंट हमेशा आपस में एक दूसरे के लिए साथ खड़े रहते है उन्होंने यह भी कहा कि यह स्कूल हर क्षेत्र में बल्लभगढ़ में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

मुख्य अतिथि टिपर चंद शर्मा ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि यहां के विद्यार्थी न केवल शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि संस्कारों को भी जीवन में उतार रहे हैं। “संस्कार ही शिक्षा” के मूल मंत्र को यह विद्यालय सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहा है, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के चेयरमैन धर्मपाल यादव और प्रिंसिपल श्वेता ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त की और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।

समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने विद्यालय की पूरी मैनेजमेंट और स्टाफ को इस सराहनीय कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की कामना की। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा के महत्व को भी उजागर करता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!