फायर कर हत्या का प्रयास करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
अपराध शाखा ऊचा गांव टीम की कार्रवाई

फरीदाबाद : गांव मिर्जापुर में फायर कर हत्या का प्रयास व मारपीट के एक मामले में अपराध शाखा ऊचा गांव की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिनकी पहचान सन्तू निवासी नीमका, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गौरव निवासी मिर्जापुर, फरीदाबाद ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 31 मार्च की रात उसका भाई रोहित ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के पास एक ढाबे पर सन्तू, अमित व लीलू ने अपनी गाड़ी रोहित की मोटरसाइकिल के पीछे लगा दी, जिसे हटाने को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद रोहित वहां से घर आ गया। अगले दिन आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे और शोर-शराबा करने लगे। आवाज सुनकर जब गौरव और उसका भाई बाहर आए, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सन्तू ने अवैध पिस्टल निकालकर फायर कर दिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि ढाबे पर हुई कहासुनी को लेकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अवैध हथियार से फायरिंग की गई थी। जिसको माननीय न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।



