विद्यार्थी धीरेन सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय ‘मीडिया फेस्ट-2026’ में जीता पुरस्कार

जे.सी.बोस विश्वविद्यालय की डॉक्यूमेंट्री को मिला द्वितीय स्थान और नकद इनाम

  • ‘ज्योतिसर’ डॉक्यूमैंट्री सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का एक सराहनीय प्रयास : कुलगुरु
  • विद्यार्थी की निरंतर मेहनत से किया रचनात्मक कार्य सफल अवश्य होता है: प्रो.पवन सिंह

फरीदाबाद, 15 अप्रैल : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग ने एक बार फिर अपनी सफलता का परचम लहराया है। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘मीडिया फेस्ट-2026’ में विभाग के प्रतिभाशाली छात्र धीरेन सिंह द्वारा निर्देशित उत्कृष्ट वृत्तचित्र ‘ज्योतिसर: गीता का जन्म स्थल’ के लिए द्वितीय पुरस्कार और 2100 रुपये की नकद राशि जीतकर संस्थान को गौरवान्वित किया है।

कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार ने कहा धीरेन सिंह की यह सफलता हमारे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और रचनात्मक दृष्टिकोण का प्रमाण है। ‘ज्योतिसर’ जैसे सांस्कृतिक विषय पर काम करना न केवल कलात्मक कौशल को दर्शाता है, बल्कि हमारी जड़ों से जुड़ने का एक सराहनीय प्रयास भी है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी।

विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने कहा कि विद्यार्थी को निरंतर मेहनत से कार्य करते रहना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा आयोजनों में प्रतिभागी बनकर अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करना एक सुखद अनुभव देता है। विजेता धीरेन सिंह अन्य विद्यार्थियों के लिए सबसे बड़ा उदहारण है। सभी छात्र अपनी रचनात्मकता को इसी तरह प्रस्तुत करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी। दिल्ली विश्वविद्यालय के ‘मीडिया फेस्ट-2026’ में धीरेन सिंह की जीत पूरी प्रोडक्शन टीम और उन मेंटर्स के सामूहिक प्रयास का परिणाम है जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर अपना महत्पूर्ण योगदान दिया।

धीरेन ने अपनी इस सफलता का श्रेय वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रोडक्शन सहायक पंकज सैनी, विशाल बेरवाल को देते हुए उनके निरंतर मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग ने इस वृत्तचित्र को इस मुकाम तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। इस गौरवशाली अवसर पर विभाग फैकल्टी और मीडिया विद्यार्थियों ने धीरेन सिंह को उनकी इस शानदार और निरंतर जीत के लिए बधाई देकर प्रोत्साहित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!