फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार
अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम पुलिस रिमांड पर लेकर कर रही है पूछताछ

फरीदाबाद : पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वेदपाल, निवासी सिविल लाइन, दिल्ली ने थाना सेंट्रल मे दी शिकायत में बताया कि उसका “वेदपाल टूर एंड ट्रैवल्स” के नाम से परिवहन व्यवसाय है। उसने अपने दोस्त के नाम पर एक इनोवा गाड़ी ले रखी है और उसकी फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के लिये वह आरटीओ कार्यालय, फरीदाबाद आया था। आरटीओ कार्यालय में उसकी मुलाकात रोहित नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को गाड़ियों की पासिंग, टैक्स और फिटनेस संबंधी कार्य कराने वाला बताया। वह उसकी बातों में आ गया और गाड़ी के आवश्यक दस्तावेज उसे सौंप दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने उसे कर्ण ऑटोमोटिव कंपनी के नाम से जारी एक फिटनेस सर्टिफिकेट दिया। जहां उसने प्रमाणपत्र की पुष्टि के लिए कंपनी से संपर्क किया, तो पता चला कि कंपनी का लाइसेंस पहले ही समाप्त हो चुका है और उन्होंने संबंधित गाड़ी का कोई फिटनेस सर्टिफिकेट जारी नहीं किया था। जिस पर शिकायतकर्ता को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटनाक्रम के संबंध में रोहित, निवासी शिवाजी नगर, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। जिसने बताया कि वह किसी काम से फरीदाबाद आया था, जहां उसकी मुलाकात आरटीओ कार्यालय में शिकायतकर्ता से हुई। उसने शिकायतकर्ता से गाड़ी के दस्तावेज लिये और अपने अन्य साथियों की मदद से फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाकर उसको दे दिया। पुलिस टीम ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।



