विपुल गोयल का बड़ा बयान ट्रिपल इंजन से तेज़ होगी ‘विकसित हरियाणा’ की रफ्तार

विकसित हरियाणा के मजबूत संकल्प के साथ भाजपा ने जारी किया निकाय चुनाव संकल्प पत्र

Chandigarh : भारतीय जनता पार्टी द्वारा हरियाणा निकाय चुनावों को लेकर आज पार्टी कार्यालय अटल कमल में भव्य कार्यक्रम के दौरान संकल्प पत्र जारी किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली तथा टीम हरियाणा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सहभागिता की और संकल्प पत्र को जन आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह संकल्प पत्र विकसित हरियाणा के व्यापक और दूरदर्शी विजन पर आधारित है। इसमें जनकल्याण, सुशासन, स्वच्छता और आधुनिक शहरी विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक संकल्प जनता के विश्वास को मजबूत करने और हर शहर तथा नगर को विकास के नए आयाम देने के लिए समर्पित है।

विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा के संतुलित और तेज विकास के लिए ट्रिपल इंजन सरकार आवश्यक है। केंद्र राज्य और निकाय के समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है और प्रदेश की जनता इस दिशा में पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के 18 महीनों के कार्यकाल में विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित हुए हैं। सरकार ने अपने पहले वर्ष में ही 60 से अधिक संकल्प पूरे किए जबकि 120 से अधिक संकल्प क्रियान्वयन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

राज्य के बजट पर प्रकाश डालते हुए विपुल गोयल ने कहा कि वर्ष 2026 27 का 2.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि और विकास की गति को और तेज करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे, शहरी विकास, सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई ऊर्जा देगा।

विपुल गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान यह है कि जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। सरकार ने अपने संकल्प पत्र के वादों को पूरा किया है और जनहित में अनेक अतिरिक्त कार्य भी किए हैं जिनसे आमजन को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के साथ हरियाणा आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी विकास को और मजबूत करने के लिए संकल्प पत्र में हरित सिटी को 21वें संकल्प के रूप में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने इस विषय पर विपुल गोयल के साथ चर्चा का उल्लेख किया और इसे भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 15500 जरूरतमंद परिवारों को 30 गज के प्लॉट प्रदान किए गए हैं। साथ ही इन योजनाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त लाड़ो लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पहले 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था जिसे वर्ष 2026 में बढ़ाकर 6500 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह निर्णय महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विपुल गोयल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल वादे करता है जबकि भारतीय जनता पार्टी उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास और विश्वसनीयता की राजनीति को समझ चुकी है और निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में स्पष्ट समर्थन दिखाई दे रहा है।

अंत में विपुल गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निकाय चुनावों में जनता भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड समर्थन देगी और विकसित हरियाणा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधार है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!