फरीदाबाद मॉक ड्रिल में रेडक्रॉस टीम ने निभाई अहम भूमिका, त्वरित राहत एवं मानव सेवा का दिया संदेश

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार तथा सचिव जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद बिजेंद्र सौरोत के मार्गदर्शन में फरीदाबाद जिले में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद की टीम ने आपदा प्रबंधन, त्वरित राहत एवं मानव सेवा का सराहनीय प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल का आयोजन बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान आपदा में घायल हुए कैजुअल्टी को रेडक्रॉस टीम द्वारा तुरंत रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया तथा मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। प्राथमिक उपचार के उपरांत घायल व्यक्ति को पूरी सावधानी, तत्परता एवं सुरक्षा के साथ एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल रवाना किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान रेडक्रॉस टीम की सक्रियता, अनुशासन एवं समन्वय देखने योग्य रहा।

इस अवसर पर सचिव जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद श्री बिजेंद्र सौरोत ने कहा कि आपदा के समय त्वरित राहत, प्राथमिक उपचार एवं प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को मजबूत बनाती हैं, बल्कि आमजन में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।
इस दौरान रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों एवं प्राथमिक चिकित्सा दल ने आपातकालीन परिस्थितियों में तेज़ प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय एवं सेवा समर्पण का प्रभावशाली परिचय दिया। टीम ने यह संदेश दिया कि किसी भी आपदा की स्थिति में समय पर राहत एवं प्राथमिक उपचार देकर कई अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद की टीम ने अपनी सक्रिय भागीदारी एवं सेवा भावना से एक बार फिर मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने रेडक्रॉस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
मॉक ड्रिल में प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता एम सी धीमान, अरविन्द शर्मा, मनमोहन शर्मा, गीता उप्रेती, दर्शन भाटिया, पवन, सुगम एवं कृष्णा वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा रेडक्रॉस के प्रशिक्षित स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।



