मुकदमा दर्ज कर राजकुमार भाटी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग

फरीदाबाद : क्रिएटिव लॉयर्स फ्रंट और सनातन आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में जिला न्यायालय फरीदाबाद के कई वकीलों व सनातनी संस्थाओं के सदस्यों ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा हाल ही में ब्राह्मणों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरुद्ध थाना सेन्ट्रल, फरीदाबाद में शिकायत दर्ज कराई व मुकदमा दर्ज कर राजकुमार भाटी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग की।

क्रिएटिव लॉयर्स फ्रंट के अध्यक्ष मनोज शर्मा अधिवक्ता ने कहा कि राजकुमार भाटी द्वारा दिया गया ब्राह्मणों के प्रति अपमानजनक बयान उसके व्यक्तिगत संस्कार व समाजवादी पार्टी की ब्राह्मणों के प्रति सोच को उजागर करता है। ब्राह्मणों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग कतई भी सहने योग्य नहीं है। समुचित कानूनी प्रक्रिया अपनाकर राजकुमार भाटी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

अधिवक्ता अवधेश शर्मा ने कहा कि राजकुमार भाटी का यह पहला बयान नहीं है वह काफी समय से सनातन धर्म व ब्राह्मण समाज के खिलाफ जहर उगलता रहा है। यह उसकी आदत में शामिल हो चुका है। ऐसे व्यक्तियों का कानूनी उपचार आवश्यक है। अधिवक्ता दीपक आजाद ने कहा कि इस प्रकार समाज में जहर फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी आवश्यक है। जो हम अधिवक्ता सुनिश्चित करेंगे। शिकायत देते समय सनातन आर्मी के सदस्यों में भी राजकुमार भाटी के खिलाफ भारी रोष था व उनका कहना था कि कानूनी उपचार के साथ-साथ ऐसे व्यक्तियों का सामाजिक उपचार व बहिष्कार किया जाना भी बहुत जरूरी है। रोष स्वरूप राजकुमार भाटी व समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।

इस मौके पर अधिवक्ता मनोज शर्मा, अवधेश शर्मा, दीपक आजाद, राजकुमार नागर, दीपक कौशिक, सुनील दीक्षित, भीष्म नारायण मुद्गल, दिनेश यादव, सुरेश शर्मा, सौरभ मुद्गल, अमरदीप सिंह, देवदत्त शर्मा व अन्य अधिवक्ता गण व सनातन आर्मी के सदस्यगण डॉक्टर जी के शर्मा, इंद्रजीत पाराशर, विजय, अनुज हिंदू, पुनीत, मोनू आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!