मवई में 3.73 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ, मंत्री राजेश नागर ने किया लोकार्पण

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने मवई क्षेत्र में लगभग 3.73 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों के हाथों नारियल फुड़वाकर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई गई।

इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक गांव और शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जिन आवश्यक विकास कार्यों की मांग थी उन्हें आज पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इनमें गांव मवई में स्पोर्ट्स स्टेडियम की चारदीवारी पर 90 लाख रुपए, अहेरिया चौपाल पर 1 करोड़ 5 लाख रुपए, सूरदास पार्क मवई के विकास पर 39 लाख रुपए, कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्य करण पर 38 लाख रुपए, वाल्मीकि चौपाल के निर्माण पर 45 लाख और शमशान घाट के विकास कार्य पर 56 लाख रुपए खर्च होंगे।

मंत्री नागर ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

इस अवसर पर उपस्थित बुजुर्गों का सम्मान करते हुए मंत्री राजेश नागर ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की धरोहर हैं। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही समाज निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का शुभारंभ बुजुर्गों के हाथों करवाना उनके प्रति सम्मान और आदर का प्रतीक है।

स्थानीय नागरिकों ने भी मंत्री राजेश नागर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही अनेक समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूती मिलेगी।

मंत्री राजेश नागर ने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और जनता की आवश्यकताओं के अनुसार नए विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उपस्थित लोगों ने विकास कार्यों के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।
इनमें बिजेंद्र शर्मा पूर्व पार्षद, महेंद्र शर्मा, पंकज शर्मा, राजा शर्मा, धर्मपाल, धनपत, प्रेमचंद, सारनाम, सतबीर प्रधान, देवेंद्र, इंद्रजीत, रामकिशन, रोहित, बुधराम, शिवकुमार, विनोद, मोहन पाल, जसराम चंदीला, सूरजभान, स्वराज, ओमपाल, जयचंद आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!