नवसंरक्षण ट्रस्ट द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई के सहयोग से बाल सुरक्षा, साइबर अपराध जागरूकता एवं प्रायोजन योजना संबंधी जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया

फरीदाबाद : नवसंरक्षण ट्रस्ट द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई के सहयोग से राजीव नगर, फरीदाबाद क्षेत्र में बाल सुरक्षा, साइबर अपराध जागरूकता एवं बच्चों के लिए उपलब्ध विभिन्न प्रायोजन (Sponsorship) योजनाओं के संबंध में एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य समुदाय को बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना था।

अभियान के दौरान ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने घर-घर एवं स्थानीय दुकानों पर जाकर नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा बाल संरक्षण, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं बच्चों के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। स्वयंसेवकों ने अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों को बच्चों की सुरक्षा ,पाक्सो,ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा अन्य साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर समुदाय को विभिन्न बाल प्रायोजन (Sponsorship) योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। स्वयंसेवकों ने बताया कि एकल माता पिता परिवारों के बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही पात्र बच्चों की पहचान एवं उन्हें उचित सहायता से जोड़ने के लिए समुदाय की सहभागिता का भी आह्वान किया गया।

अभियान के माध्यम से लगभग 250 से अधिक नागरिकों तक जागरूकता संदेश पहुँचाया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों की सुरक्षा एवं जागरूक समाज निर्माण के लिए ऐसे कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता व्यक्त की
नवसंरक्षण ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था बाल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों तक जागरूकता एवं सहायता पहुँचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।अभियान को सफल बनाने में ट्रस्ट के स्वयंसेवकों, स्थानीय नागरिकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



