घर से गहने व नकदी चोरी करने के मामले में आरोपी मां-बेटा गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की कार्रवाई

चोरी के आभूषण मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे थे, बरामदगी की प्रक्रिया की शुरू

  • मुख्य आरोपी पर पहले से चोरी के 8 मामले दर्ज, जून माह में ही जेल से आया है बाहर
  • मां भी पूर्व में चोरी के मामले में जा चुकी है जेल, दोनों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया

फरीदाबाद : क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने घर से सोने के आभूषण एवं नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनित उर्फ ओप्पो (22) तथा उसकी मां कविता (काल्पनिक नाम) निवासी बालाजी कॉलोनी, गांव करनेरा, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि संजय एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी में शिकायत दी थी कि 21 जून 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान 21/22 जून की रात्रि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर सोने के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली। शिकायत पर थाना सारन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 द्वारा को सौंपी गई। तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना एवं स्थानीय स्तर पर की गई जांच के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अनित उर्फ ओप्पो ने खुलासा किया कि वारदात वाली रात उसने घर के मुख्य गेट पर लगे ताले को लोहे की रॉड से तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उसने छत पर जाने वाले दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि छत पर सो रहे परिवार के सदस्य नीचे न आ सकें। इसके बाद उसने घर में रखे सोने के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषण उसने अपनी मां को दे दिए थे। जिसने इन आभूषणों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर धन प्राप्त किया था। पुलिस अब गिरवी रखे गए आभूषणों की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।

दोनों आरोपितों का आपराधिक रिकार्ड रहा है। अनित उर्फ ओप्पो आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में चोरी के 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह जून माह में ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। वहीं उसकी मां भी थाना सारन के एक चोरी के मामले में पूर्व में जेल जा चुकी है। जिनको दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान चोरी की गई नकदी, गिरवी रखे गए आभूषणों की बरामदगी तथा आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!