फरीदाबाद पुलिस का तीन दिवसीय विशेष अभियान: 417 आरोपी गिरफ्तार, 47 गुमशुदा मिले, 227 उद्घोषित व जमानत तर्क अपराधियों पर कार्रवाई

3 किलोग्राम से अधिक गांजा, 25 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 1.3 ग्राम एमडीएमए (MDMA), 17 अवैध देशी कट्टे, करीब 2000 बोतल देसी एवं अंग्रेजी शराब, 4 लीटर कच्ची शराब तथा जुआ के 1,47, 590 रुपये बरामद

फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश पर अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस ने 10 से 12 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर में थाना पुलिस, अपराध शाखाओं एवं अन्य विशेष इकाइयों ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में कुल 417 आरोपितों को गिरफ्तार किया। साथ ही 47 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलवाया गया, जबकि 227 उद्घोषित (पीओ) एवं जमानत तर्क अपराधियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष फोकस रहा। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 9 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 किलोग्राम से अधिक गांजा, 25 प्रतिबंधित इंजेक्शन तथा 1.3 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया तथा 9 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

अवैध हथियार रखने वालों पर भी फरीदाबाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 17 अवैध देशी कट्टे बरामद किये और 17 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

शराब तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 79 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने करीब 2000 बोतल देसी एवं अंग्रेजी शराब तथा 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की। बरामद शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।

जुआ खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध भी अभियान के दौरान व्यापक कार्रवाई की गई। जुआ अधिनियम के 54 मामलों में 64 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और 1 लाख 47 हजार 590 रुपये की नकदी बरामद की गई।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगबाजी, शांति भंग करने तथा आमजन के लिए परेशानी का कारण बनने वाले लोगों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में 57 व्यक्तियों को काबू कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, जघन्य व लंबित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। फरीदाबाद पुलिस आगे भी अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों, जुआ संचालकों एवं अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार निरंतर अभियान चलाती रहेगी।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से भी अपील है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत फरीदाबाद पुलिस की कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 या फिर स्थानीय थाना पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!